Weather update प्रदेश में इटावा सबसे ठंडा जिला पाया गया। यहां का तापमान सामान्य से 6.3 डिग्री कम रिकॉर्ड किया गया। जबकि कानपुर दूसरे स्थान पर रहा। मौसम वैज्ञानिक के अनुसार अब तापमान में और कमी आएगी।
IMD Weather update उत्तर प्रदेश में नवंबर महीने के 10 दिन बाद ठंड की आहट दिखाई पड़ रही है। जब पिछले 24 घंटे में इटावा सबसे ठंडा जिला पाया गया। यहां का तापमान 8.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है। जो सामान्य से 6.3 डिग्री कम है। कानपुर का तापमान दूसरे स्थान पर रहा। बरेली, बुलंदशहर, झांसी का तापमान भी 12 डिग्री से कम रिकॉर्ड किया गया। जबकि बनारस, सुल्तानपुर, फुरसतगंज, फतेहपुर, प्रयागराज, बांदा, कानपुर (कुछ एरिया), उन्नाव, बाराबंकी, हरदोई, फतेहगढ़ (कुछ एरिया), नजीबाबाद, मुजफ्फरनगर आदि जिलों का तापमान 14 डिग्री से कम रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश में ठंड ने आहट दे दी है। अब यहां का तापमान 16 डिग्री से नीचे आ गया है। अयोध्या का तापमान सबसे अधिक दर्ज किया गया है। लोगों को गर्म कपड़े पहन कर निकलने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार ठंड ने दस्तक दे दी है। सीएसए कानपुर के मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर एसएन सुनील पांडे ने बताया कि अगले 5 दिनों तक आसमान में हल्के बादल छाए रहेंगे। इस दौरान तापमान में लगातार कमी आएगी। लोगों को ठंड का एहसास होगा। मौसम विभाग ने प्रदेश के जिलों के तापमान के आंकड़े जारी किए हैं। जिसके अनुसार पिछले 24 घंटे में सबसे ठंडा इटावा जिला रहा है। 10 डिग्री तापमान के साथ कानपुर नगर दूसरे स्थान पर है। यहां का तापमान सामान्य से चार डिग्री कम पाया गया है।
जबकि बुलंदशहर का तापमान 11 डिग्री, बरेली का तापमान 11.01 डिग्री और प्रयागराज का तापमान 12 डिग्री दर्ज किया गया है। आंकड़ों के अनुसार अयोध्या का तापमान 17 डिग्री, लखीमपुर खीरी का तापमान 16 डिग्री, नजीबाबाद का तापमान 14.5 डिग्री, फतेहगढ़ का तापमान 14.8 डिग्री, बस्ती का तापमान 15 डिग्री और गोरखपुर का तापमान 14.5 डिग्री दर्ज किया गया है। बारिश का कोई अनुमान नहीं है।
मौसम विभाग के अनुसार कानपुर में आज का अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री रहने का अनुमान है। सुबह और शाम को धुंध का असर दिखाई पड़ेगा। पश्चिम और उत्तर-पश्चिम दिशा से आने वाली हवाएं मौसम को प्रभावित करेंगी। 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी। रात में भी 7 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार यह स्थिति कानपुर मंडल के जिलों में रहने की संभावना है। जिसमें इटावा, कन्नौज, फर्रुखाबाद, कानपुर नगर, कानपुर देहात और औरैया जिले शामिल हैं। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार 12 नवंबर का तापमान 13 से 27 डिग्री के बीच, गुरुवार 13 नवंबर का तापमान 12 से 27 डिग्री के बीच और 14, 15, 16 नवंबर का तापमान 11 से 26 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है।