25 मई 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Kanpur News:कांग्रेस ने पोस्ट किया हत्याकांड का लाइव वीडियो, कहा-‘दावे सुशासन के,मंजर श्मशान के’,पुलिस बोली- 24 घंटे में तीनों आरोपी गिरफ्तार

Kanpur double murder:कानपुर के नौबस्ता में मामूली विवाद के बाद चाकू व हेलमेट से हमले में पिता और पुत्र की मौत हो गई, एक बेटा घायल है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर कार्रवाई शुरू कर दी है और जांच जारी है।

2 min read
Google source verification
Kanpur, crime news

पूछताछ करती पुलिस

कानपुर में रविवार देर रात नौबस्ता थाना क्षेत्र में मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। घर लौट रहे पिता और उनके दो बेटों पर कुछ दबंगों ने हेलमेट और चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में पिता और एक बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा बेटा गंभीर रूप से घायल है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।जिसके बाद कांग्रेस ने सोशल मीडिया X पर घटना का वीडियो पोस्ट कर बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है।

क्या है पूरा मामला

पुलिस के अनुसार, रविवार रात करीब 11 बजे नौबस्ता निवासी एक व्यक्ति अपने दो बेटों के साथ बाइक से घर लौट रहा था। रास्ते मे उनकी बाइक एक दूसरे बाइक से टकरा गई।जिसको लेकर विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने हेलमेट और चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े, लेकिन तब तक पिता और एक बेटे की मौत हो चुकी थी। दूसरे बेटे को गंभीर हालत में हैलट अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई, एनकाउंटर में तीसरा आरोपी घायल

घटना की सूचना मिलते ही नौबस्ता पुलिस और आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि पुलिस ने रात में ही कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर तीसरे आरोपी की तलाश में टीम दबिश देने गई। इस दौरान आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के दोनों पैरों में लगी। घायल आरोपी को तुरंत अस्पताल भेजा गया है। डॉ. ताडा ने साफ किया कि प्रकरण में तीनों अभियुक्त गिरफ्तार किए जा चुके हैं और आगे की विधिक कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चाकू और हेलमेट भी बरामद कर लिया है।

कांग्रेस का योगी सरकार पर हमला: ‘यूपी में जंगलराज’

उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर घटना का वीडियो पोस्ट कर बीजेपी सरकार को घेरा। कांग्रेस ने लिखा- ‘उत्तर प्रदेश में भयानक जंगलराज चल रहा है। कानपुर में दबंगों ने एक पिता और उनके दो बेटों पर चाकू व हेलमेट से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में पिता और एक बेटे की मौत हो गई, जबकि दूसरा बेटा भी गंभीर रूप से घायल है। दावे सुशासन के, मंजर श्मशान के.. आखिर कब तक सड़कों पर इसी तरह खून बहता रहेगा? योगी जी.. आप तो कहते थे कि अपराधी प्रदेश छोड़ कर भाग गए हैं तो फिर ये कौन हैं?’

परिजनों में आक्रोश, सुरक्षा पर उठे सवाल

दोहरे हत्याकांड के बाद मृतकों के घर में कोहराम मचा है। परिजनों ने आरोपियों के लिए फांसी की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में दबंगों का आतंक है और मामूली बात पर खून-खराबा आम हो गया है। विपक्ष इस घटना को कानून-व्यवस्था की बदहाल स्थिति से जोड़ रहा है, जबकि पुलिस का दावा है कि अपराधियों पर जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत 24 घंटे के अंदर सभी आरोपी पकड़ लिए गए हैं।