
कानपुर में आईटीबीपी जवान की मां का हाथ काटे जाने के मामले में बड़ा प्रशासनिक एक्शन हुआ है। सीएमओ द्वारा गठित मेडिकल टीम की संशोधित जांच रिपोर्ट में पारस अस्पताल और कृष्णा अस्पताल की गंभीर लापरवाही सामने आने के बाद दोनों अस्पतालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने पूरे मामले पर विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि इलाज में अत्यधिक देरी के कारण पीड़िता का हाथ काटना पड़ा।
पुलिस के अनुसार, पहले जो जांच रिपोर्ट प्राप्त हुई थी, वह स्पष्ट और निर्णायक नहीं थी। उसमें किसी भी अस्पताल की सीधी जिम्मेदारी तय नहीं की गई थी। इसके बाद पुलिस प्रशासन ने मेडिकल टीम से दोबारा बिंदुवार स्पष्टीकरण और दोष निर्धारण सहित रिपोर्ट मांगी। संशोधित रिपोर्ट में साफ तौर पर माना गया कि पारस अस्पताल और कृष्णा अस्पताल ने उपचार में अत्यधिक विलंब किया। रिपोर्ट के मुताबिक समय रहते सही इलाज नहीं मिलने से पीड़िता की हालत लगातार बिगड़ती गई और अंततः डॉक्टरों को उनका हाथ काटना पड़ा। इसी आधार पर दोनों अस्पतालों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है।
मामले के दौरान आईटीबीपी और पुलिस के बीच टकराव की चर्चाएं भी सामने आई थीं। इस पर पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने कहा कि दोनों विभागों के बीच किसी प्रकार का कोई विवाद नहीं था। उन्होंने बताया कि जांच से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा के लिए आईटीबीपी के कमांडेंट और मेडिकल ऑफिसर को पुलिस कार्यालय में आमंत्रित किया गया था।पुलिस का कहना है कि बैठक का उद्देश्य मेडिकल रिपोर्ट के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा करना और सीएमओ स्तर से विस्तृत परीक्षण कराना था।
पुलिस आयुक्त के मुताबिक बैठक के दौरान आईटीबीपी अधिकारी अपने साथ काफी संख्या में फोर्स लेकर पहुंचे थे। पुलिस कार्यालय के बाहर बड़ी संख्या में जवानों की मौजूदगी से मीडिया और आम लोगों के बीच गलत संदेश प्रसारित हुआ।उन्होंने बताया कि जैसे ही मामला मीडिया में आया, तुरंत आईटीबीपी कमांडेंट को अपने साथ लाए गए बल को वापस करने के निर्देश दिए गए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मामला केवल जांच प्रक्रिया से जुड़ा था और किसी तरह का टकराव नहीं हुआ।
पुलिस कमिश्नरेट ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी आईटीबीपी मुख्यालय और महानिदेशक को भी भेजी है। पत्र में संबंधित स्तर पर विभागीय और अनुशासनात्मक जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया है।
Published on:
25 May 2026 05:25 pm
बड़ी खबरें
View Allकानपुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
