कानपुर

Kanpur News:आउटर पर रुकी ट्रेन, AC कोच में लूट…5 शातिर गिरफ्तार, ऐसे हुआ खुलासा

Holi Special Train Robbery:कानपुर में होली स्पेशल ट्रेन में दंपती से लूट के मामले का जीआरपी ने खुलासा किया। पांच शातिर आरोपी गिरफ्तार किए गए। पुलिस ने उनके पास से नकदी, जेवर और बाइक बरामद की है।

2 min read
Mar 20, 2026

Holi Special Train Robbery:कानपुर में होली के दौरान ट्रेनों में बढ़ी भीड़ का फायदा उठाकर लूट करने वाले शातिर गिरोह का जीआरपी ने भंडाफोड़ कर दिया। होली स्पेशल ट्रेन से मध्यप्रदेश जा रहे दंपती को निशाना बनाने वाले पांच आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए बदमाशों के पास से नकदी, जेवरात और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद हुई है। जीआरपी के अनुसार, यह गिरोह ट्रेनों के आउटर पर धीमी रफ्तार का फायदा उठाकर यात्रियों को निशाना बनाता था। अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगेगा।

ये भी पढ़ें

Weather Update Today: सुबह-सुबह बदलेगा मौसम का खेल! आज और कल आंधी-बारिश का डबल अटैक

आउटर पर धीमी ट्रेन का उठाते थे फायदा

जानकारी के मुताबिक, भोपाल निवासी राकेश पांडे अपनी पत्नी निशा के साथ होली मनाने कानपुर आए थे। 7-8 मार्च की रात दोनों होली स्पेशल ट्रेन के एसी थर्ड कोच से वापस लौट रहे थे। जैसे ही ट्रेन गोविंदपुरी के आउटर पर धीमी हुई, कुछ युवक अचानक कोच में चढ़ आए और दंपती को निशाना बनाते हुए उनके गहने लूट लिए। वारदात के दौरान कोच में अफरा-तफरी मच गई और अन्य यात्री भी सहम गए। घटना को अंजाम देकर आरोपी अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गए।

पीड़ित दंपती ने कानपुर सेंट्रल पहुंचकर जीआरपी में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई। मामले की गंभीरता को देखते हुए जीआरपी प्रभारी निरीक्षक ओमनारायण सिंह ने तीन विशेष टीमें गठित कीं। पुलिस ने सर्विलांस के साथ ही 500 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदिग्धों की पहचान की। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों की लोकेशन ट्रेस की गई। लगातार दबिश के बाद पुलिस ने आरोपियों की घेराबंदी कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में वारदात से जुड़े कई अहम सुराग भी पुलिस के हाथ लगे हैं।

जूही यार्ड के पास से हुई गिरफ्तारी

लगातार प्रयासों के बाद गुरुवार तड़के जूही यार्ड के पास पुलिस ने पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान साहिल सोनकर, विशाल वाल्मीकि, अभिषेक पासवान, जीतू सिंह और सुमित वर्मा के रूप में हुई है। इनमें जीतू सिंह उन्नाव का रहने वाला है, जबकि बाकी आरोपी गोविंदनगर क्षेत्र के निवासी हैं।जीआरपी के मुताबिक, आरोपी शातिर किस्म के अपराधी हैं, जो ट्रेनों के आउटर पर गति धीमी होने का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम देते थे। पूछताछ में यह भी सामने आया कि नशे की लत और महंगी बाइकों का शौक पूरा करने के लिए वे इस तरह की घटनाएं करते थे।पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब पांच लाख रुपये कीमत के जेवर, नकदी और बाइक बरामद की है। साथ ही इस गिरोह की अन्य वारदातों में संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

Published on:
20 Mar 2026 06:00 am
Also Read
View All

अगली खबर