UP weather मौसम विभाग के अनुसार पश्चिम बंगाल की खाड़ी में नया निम्न दबाव का क्षेत्र बन रहा है, जो तूफान बना सकता है। इसका असर दक्षिण के राज्यों में पड़ेगा। इधर कानपुर में प्रदेश का सबसे कम तापमान रिकॉर्ड किया गया। जबकि शाहजहांपुर का तापमान सबसे अधिक रहा।
UP weather forecast मौसम विभाग ने बंगाल की खाड़ी में नए निम्न दबाव क्षेत्र को लेकर अलर्ट किया है, जिसके अनुसार इससे अगला तूफान बन सकता है। जिसका असर दक्षिण के राज्यों में पड़ेगा। 21 और 22 नवंबर को दक्षिण के राज्यों में मौसम के खराब होने की संभावना है। मौसम विभाग ने बंगाल की खाड़ी में अक्टूबर महीने में 'मोंथा' नामक गंभीर चक्रवात की भी याद दिलाई है। सीएसए कानपुर के मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर एसएन सुनील पांडे ने बताया कि पूर्व दिशा से आने वाली हवाएं अब धरातल पर चल रही हैं, लेकिन उत्तर और पश्चिम दिशा से आने वाली हवाएं भी आगे बढ़ रही हैं। जिसके कारण मौसम में उथल-पुथल की स्थिति बनी हुई है। फिलहाल सिस्टम पर लगातार नजर रखी जा रही है।
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटे में कानपुर एक बार फिर सबसे ठंडा जिला रहा। यहां का न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 3 डिग्री कम है। इटावा, बुलंदशहर और बाराबंकी का तापमान 11 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। जबकि मेरठ का तापमान 11.2 डिग्री रहा।
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में शाहजहांपुर में सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया। यहां का अधिकतम तापमान 29.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 2.4 डिग्री अधिक है। जबकि कानपुर में अधिकतम तापमान 28.4, बनारस एयरपोर्ट में 28.3, गोरखपुर में 28.3 और बहराइच में 28.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। कानपुर मंडल के जिलों में इटावा का अधिकतम तापमान सबसे कम 25.6 डिग्री दर्ज किया गया। फतेहगढ़ का तापमान 26.4 और कानपुर नगर का 27.2 दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार कानपुर मंडल के जिलों में ऊंचे आसमान में बादल छाए रहेंगे। धुंध होने के कारण धूप में भी थोड़ी नरमी रहेगी। रात और दिन के तापमान में आने वाले दिनों में उतार-चढ़ाव बने रहने की संभावना है। कानपुर मंडल के जिले इटावा, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर नगर, कानपुर देहात, औरैया में दक्षिण पूर्वी हवाओं का आना भी शुरू हो गया है। जबकि उत्तर पश्चिमी हवाओं की गति धीमी और कमजोर पड़ गई है। सुबह और शाम को प्रदूषण और धुंध के कारण विजिबिलिटी में कमी आएगी, जिसका असर आज सुबह दिखाई भी पड़ा था।