कैंट स्‍थित कैवलिरी मैदान में चल रही सेना भर्ती में अलीगढ़ और आगरा के 16 अभ्‍यर्थियों ने सेंधमारी करने का प्रयास किया. सेना की तगड़ी चौकसी के कारण सभी सेंधमारी करते हुए पकड़े गए.
कानपुर। कैंट स्थित कैवलिरी मैदान में चल रही सेना भर्ती में अलीगढ़ और आगरा के 16 अभ्यर्थियों ने सेंधमारी करने का प्रयास किया. सेना की तगड़ी चौकसी के कारण सभी सेंधमारी करते हुए पकड़े गए. फिलहाल सभी को अंतिम चेतावनी देकर छोड़ दिया गया. गुरुवार को सिर्फ कानपुर के अभ्यर्थियों को ही भर्ती के लिए बुलाया गया था.
पूछताछ में मालूम पड़ा
पूछताछ के दौरान पता चला है कि ये सभी पूर्व में भी कई सेना भर्ती में शामिल हो चुके हैं. असफल होने के बाद यहां की भर्ती में शामिल होने आए थे. सैन्य सूत्रों के हवाले से मालूम पड़ा है कि सुबह सभी ने रजिस्ट्रेशन कराया और फिर दौड़ में शामिल हो गए. दौड़ में सफल होने के बाद जब दस्तावेजों की बायोमैट्रिक स्कैनिंग जांच की गई तो 16 अभ्यर्थी पकड़ में आ गए. इनमें से 13 अभ्यर्थी अलीगढ़ के और तीन अभ्यर्थी आगरा के थे. इन सभी से सख्ती के साथ पूछताछ की गई तो मालूम पड़ा कि उन्होंने निवास प्रमाण पत्र में गड़बड़ी कराकर निवासी कानपुर लिखवा लिया था. वहीं, करीब 30 अभ्यर्थियों के शैक्षिक दस्तावेजों में गड़बड़ी मिलने पर उन्हें भर्ती से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया.
ऐसा बताया कर्नल दीपक शर्मा ने
इस बारे में कर्नल दीपक शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि सेना भर्ती में कानपुर नगर के अभ्यर्थियों को बुलाया गया था, लेकिन अलीगढ़ और आगरा के 16 अभ्यर्थी निवास प्रमाण पत्र में गड़बड़ी करके भर्ती में शामिल हो गए. उन्हें फिलहाल पकड़कर बाहर कर दिया गया है.
दिखाया अपना दमखम
आपको बता दें कि कैंट के कैवलिरी ग्राउंड पर चल रही सेना भर्ती में गुरुवार को कानपुर नगर के अभ्यर्थियों ने अपना दमखम दिखाया. इस दौरान 5200 अभ्यर्थियों को बुलाया गया. इसमें से 2790 ही भर्ती में आए. 280 अभ्यर्थी ही 1600 मीटर की दौड़ पूरी कर पाए. दस दौरान कड़ी धूप ने अभ्यर्थियों की खूब परीक्षा ली. कई अभ्यर्थी तो मैदान में गश खाकर गिर भी पड़े. उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए भेजा गया. शुक्रवार को भी कानपुर नगर के युवाओं को बुलाया गया है. दौड़ में सफल अभ्यर्थियों का पंजीकरण कर बायोमैट्रिक बायोडाटा तैयार कराया गया. इसके बाद बीम, 9 फीट गड्ढा कूद, बैलेंस का परीक्षण कराया गया. यहां सफल अभ्यर्थियों का लंबाई, सेना, भार का परीक्षण किया गया.