कानपुर

कानपुर में दर्दनाक हादसा: खड़ी डीसीएम से टकराई बाइक, पिता-पुत्र की मौके पर मौत

Kanpur road accident:कानपुर के बिल्हौर में GT रोड पर खड़ी डीसीएम से बाइक टकराने से पिता-पुत्र की मौत हो गई। ककवन के कमलेश और अंकुर कन्नौज रिश्तेदारी जा रहे थे। तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर टकराई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम भेजे।

2 min read
Apr 27, 2026
Feature image
सांकेतिक फोटो

कानपुर के बिल्हौर क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में पिता और पुत्र दोनों की जान चली गई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें सीएचसी ले जाया गया जहां दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वही सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, दोनों रिश्तेदारी में जा रहे थे, तभी अरौल कस्बे से आगे जीटी रोड हाईवे पर यह हादसा हुआ।

कैसे हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, ककवन थाना क्षेत्र के फत्तेपुर गांव निवासी 54 वर्षीय कमलेश कुमार बाथम अपने 19 वर्षीय बेटे अंकुर बाथम के साथ बाइक से छिबरामऊ, जिला कन्नौज के अर्जुनपुर गांव जा रहे थे। दोनों करीब 6 बजे घर से निकले थे। जीटी रोड हाईवे पर अरौल कस्बे से थोड़ा आगे सरैया गांव के सामने सड़क किनारे एक डीसीएम खड़ी थी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बाइक की रफ्तार तेज थी।जिससे बाइक सीधे डीसीएम के पीछे जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पिता-पुत्र उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे और कई मीटर तक घिसटते चले गए। दोनों के सिर, छाती, हाथ-पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं और खून बहने लगा।

इलाज के दौरान हुई मौत

हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। थानाध्यक्ष जनार्दन यादव फौरन टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने एंबुलेंस बुलाकर दोनों घायलों को बिल्हौर सीएचसी भिजवाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद कमलेश और अंकुर दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। डीसीएम को कब्जे में ले लिया गया है और चालक की तलाश की जा रही है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि डीसीएम सड़क किनारे बिना इंडिकेटर या रिफ्लेक्टर के खड़ी थी।

परिवार में कोहराम

हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन रोते-बिलखते अस्पताल पहुंचे। गांव में भी मातम का माहौल है। कमलेश खेती-किसानी करते थे, जबकि अंकुर पढ़ाई कर रहा था। पिता-पुत्र की एक साथ मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है।

Updated on:
27 Apr 2026 01:31 pm
Published on:
27 Apr 2026 01:29 pm