
(Representational Photo)-Patrika
Businessman Murder in Kanpur:कानपुर में मंगलवार सुबह एक व्यापारी की दिनदहाड़े गला काटकर हत्या कर दी गई। बिल्हौर इलाके में सड़क पर व्यापारी का धड़ पड़ा मिला, जबकि उसका सिर मौके से गायब था। काफी देर तक तलाश करने के बाद धड़ से करीब 10-12 फीट की दूरी पर पानी से भरे गड्ढे में कटा हुआ सिर बरामद हुआ। धड़ के पास व्यापारी की साइकिल और अंगौछा पड़ा था। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम भी पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने परिवार के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और हत्याकांड के खुलासे के लिए कई टीमें लगाई गई हैं।
मृतक की पहचान 45 वर्षीय राज किशोर पटवा के रूप में हुई है। वह मूलरूप से देवहा गांव के रहने वाले थे और वर्तमान में बिल्हौर कस्बे के वैष्णव नगर मोहल्ले में पत्नी और तीन बेटियों के साथ रहते थे। परिवार के मुताबिक, राज किशोर महिलाओं के श्रृंगार से जुड़ी चीजों का कारोबार करते थे। मंगलवार सुबह करीब 8 बजे वह साइकिल से देवहा गांव जाने की बात कहकर घर से निकले थे। करीब 1 घंटे बाद परिवार को बिल्हौर-मकनपुर रोड पर खुर्द खोजनपुर मोड़ के पास सिर कटा शव पड़े होने की सूचना मिली। परिजन मौके पर पहुंचे तो सड़क पर राज किशोर का धड़ पड़ा था। उनके पास साइकिल और अंगौछा भी मिला।
शव मिलने की सूचना पर बिल्हौर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आसपास के इलाके में तलाश शुरू की। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद धड़ से लगभग 10-12 फीट दूर पानी से भरे एक गड्ढे में राज किशोर का कटा हुआ सिर बरामद हुआ।
पुलिस के मुताबिक, मृतक के शरीर और चेहरे पर कोई अन्य चोट के निशान नहीं मिले हैं। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि धारदार हथियार से गला काटकर हत्या की गई और इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। हालांकि हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस घटना के पीछे संभावित कारणों और आरोपियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
हत्या की सूचना मिलने के बाद राज किशोर की पत्नी मधु और तीनों बेटियां शुभी, अंशी और नैंसी मौके पर पहुंचीं। शव देखकर परिवार के लोग बदहवास हो गए। पत्नी और बेटियां सड़क पर बैठकर फूट-फूटकर रोने लगीं। पुलिसकर्मियों ने किसी तरह उन्हें संभाला। परिवार में राज किशोर की पत्नी मधु और तीन बेटियां हैं। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
राज किशोर की बड़ी बेटी शुभी ने बताया कि उनके पिता की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। परिवार को भी इस तरह की किसी रंजिश की जानकारी नहीं है। परिजनों का कहना है कि राज किशोर रोजाना की तरह मंगलवार सुबह घर से निकले थे। उन्हें इस बात का अंदाजा भी नहीं था कि कुछ देर बाद उनके साथ इतनी बड़ी वारदात हो जाएगी। मृतक की पत्नी मधु के मुताबिक, उनके पति राज किशोर महिलाओं के श्रृंगार से जुड़ी चीजों का कारोबार करते थे। वह साइकिल से देवहा गांव जाने की बात कहकर मंगलवार सुबह 8 बजे घर से निकले थे। फिलहाल पुलिस परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है, जिससे हत्या की वजह और वारदात में शामिल लोगों के बारे में सुराग मिल सके।
घटना की जानकारी मिलने के बाद DCP एसएम कासिम आबिदी और एसीपी अंकित कुमार भी मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए। DCP एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि परिवार के लोगों से पूछताछ की जा रही है। घटनास्थल का मौका मुआयना करने के साथ फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। हत्याकांड का खुलासा करने के लिए पुलिस की टीमों को लगाया गया है। पुलिस अब हत्या के कारण, आरोपी और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
Updated on:
22 Sept 2026 03:09 pm
Published on:
22 Sept 2026 02:55 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
