कानपुर में एक MBA छात्र ने फीस भरने के लिए अपनी किडनी बेच दी, लेकिन उसे पैसे नहीं मिले।
Kanpur Crime News: कानपुर के हैलट अस्पताल के ICU में एक युवक फूट-फूटकर रो रहा था। उसका नाम आयुष है। वह रुपए के लालच में अपनी किडनी बेचने वाला MBA छात्र है। पुलिस ने उसे बताया कि उसके परिजनों को सूचना दी जाएगी। इस पर आयुष ने पुलिसवालों के पैर पकड़ लिए और रोते हुए कहा कि सर, मेरी मां को कुछ मत बताना। मैं नौकरी करने की बात कहकर कानपुर आया था। आयुष की हालत ठीक नहीं है। किडनी निकलने के बाद वह कमजोर हो गया है। डॉक्टर उसे ICU में निगरानी में रखे हुए हैं।
पुलिस के कहने पर आयुष ने अपनी गर्लफ्रेंड से बात कराई। लड़की बिहार के बेगूसराय जिले की रहने वाली है। वह तुरंत कानपुर पहुंच गई। जैसे ही गर्लफ्रेंड को आयुष ने देखा, उसकी आंखों से आंसू बह निकले। वह जोर-जोर से रोने लगा और बोला कि मुझसे बहुत बड़ी गलती हो गई। गर्लफ्रेंड ने प्यार से उसके सिर पर हाथ फेरा और आंसू पोंछे। उसने आयुष को ढांढस बंधाया। यह मुलाकात बुधवार दोपहर करीब 12 बजे हुई। पुलिस की कड़ी सुरक्षा में गर्लफ्रेंड को ICU में ले जाया गया। तीन दरोगा और एक महिला पुलिसकर्मी उसके साथ अंदर थे।
गर्लफ्रेंड ने आयुष से पूछा कि आखिर तुमने किडनी क्यों डोनेट की? आयुष ने बताया कि वह देहरादून में MBA का चौथा सेमेस्टर कर रहा है। कॉलेज की फीस जमा करने के लिए पैसे नहीं थे। दो महीने से वह इस चिंता में परेशान था। इसी दौरान उसकी मुलाकात एक व्यक्ति से हुई। शिवम की बातों में आकर आयुष ने अपनी किडनी बेचने का फैसला कर लिया। लेकिन किडनी निकालने के बाद भी उसे पैसे नहीं मिले। तब आयुष ने पूरे मामले का खुलासा पुलिस को कर दिया।
गर्लफ्रेंड ने आयुष पर नाराजगी जताई। इस पर आयुष ने उसका हाथ पकड़कर बेड से उठने की कोशिश की, लेकिन दर्द के कारण वह उठ नहीं सका। लड़की ने डॉक्टरों और अस्पताल स्टाफ से आयुष की सेहत के बारे में विस्तार से जानकारी ली। उसने बताया कि आयुष की मां बहुत परेशान हैं। वे भी आने की बात कह रही थीं। आयुष का छोटा भाई ऋषभ प्राइवेट जॉब करता है। आयुष समस्तीपुर, बिहार का रहने वाला है। गर्लफ्रेंड भी उसी विश्वविद्यालय में दूसरे सेमेस्टर में पढ़ती है।
पुलिस ने इस किडनी गैंग के छह सदस्यों को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है। अब चार फरार डॉक्टरों के खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी कर दिया गया है। पुलिस की एक टीम मेरठ भी रवाना हुई है, जहां से महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। आयुष की गर्लफ्रेंड करीब एक घंटे तक ICU में रही। बाहर निकलते ही मीडिया ने उसे घेर लिया। पुलिस ने उसे अस्पताल के पिछले गेट से सुरक्षित बाहर निकाला।