कानपुर

कानपुर देहात में भीषण हादसा: ईको-ऑटो की टक्कर में 4 साल की मासूम की मौत, 9 घायल

Kanpur Accident:कानपुर देहात के शिवली थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह रूरा तिराहा पर ईको कार और ऑटो की भीषण टक्कर में 4 साल की सृष्टि की मौत हो गई। हादसे में 9 लोग घायल हुए, जिन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।

2 min read
Apr 29, 2026

कानपुर देहात के शिवली थाना क्षेत्र के रूरा तिराहा पर बुधवार एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। रसूलाबाद से कानपुर की ओर जा रही तेज रफ्तार ईको कार और शिवली से रसूलाबाद की तरफ आ रहे सवारी ऑटो की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में 4 साल की मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ऑटो और कार में सवार 9 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो बुरी तरह चकनाचूर हो गया और सड़क पर चीख-पुकार मच गई।

ये भी पढ़ें

Kanpur News: तेज रफ्तार बुलट की टक्कर में घायल बाइक सवार ने तोड़ा दम, तीन दिन से चल रहा था इलाज

रूरा तिराहा पर हुआ हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा रूरा तिराहा पर अचानक दोनों वाहनों की तेज रफ्तार में टक्कर हो गई। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और राहगीर मौके पर दौड़े। ऑटो में सवार लोग बुरी तरह फंसे हुए थे। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना देकर घायलों को बाहर निकाला।

मासूम सृष्टि ने मौके पर तोड़ा दम

इस हादसे में ऑटो में सवार सृष्टि (4) पुत्री विवेक सविता की मौके पर ही मौत हो गई। बच्ची के सिर में गंभीर चोट आई थी। वहीं ऑटो में सवार अन्य घायलों में गणेशपुर बन्नापुर निवासी सोनी (30), संजय (30), मोहिनी (10), बिरहुन रसूलाबाद निवासी गोलू (28), ऑटो चालक शाहरुख खान (27) निवासी शिवली और कल्याणपुर निवासी रीता कटियार (28) शामिल हैं। सभी को गंभीर चोटें आई हैं।

दवा लेने कानपुर जा रहा था कार सवार परिवार

दूसरी ओर ईको कार में सवार कस्बा व थाना ऐरवाकटरा, जिला औरैया निवासी सीमा (45) पत्नी विवेक शुक्ला, रामबाबू तिवारी (75) और वृद्धा उमा देवी (70) भी हादसे में घायल हो गए। परिजनों ने बताया कि तीनों लोग इलाज के लिए कानपुर जा रहे थे। कार के आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। एयरबैग खुलने से बड़ी जनहानि टल गई, वरना हादसा और भयावह हो सकता था।

सीएचसी से मेडिकल कॉलेज रेफर

सूचना मिलते ही शिवली थाने की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। पुलिस ने सभी घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी शिवली पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने सभी 9 घायलों को जिला अस्पताल होते हुए राजकीय मेडिकल कॉलेज अकबरपुर रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में सभी का इलाज जारी है।

परिजनों में मचा कोहराम

4 साल की सृष्टि की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

क्या बोले थानाध्यक्ष

थानाध्यक्ष अमरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि ईको कार और ऑटो को कब्जे में लेकर थाने लाया गया है। हादसे में एक बच्ची की मौत हुई है और 9 लोग घायल हैं। घायलों को बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। अभी तक किसी पक्ष से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है।

Also Read
View All