
पांच साल से फरार 10 हजार का इनामी मजहर गिरफ्तार। फोटो- Avanish Kumar
Kanpur Crime News: कानपुर में आउटसोर्सिंग के जरिए नौकरी लगवाने का झांसा देकर युवक से रकम लेने और उसकी आत्महत्या के मामले में पांच साल से फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी मजहर अली (33) को कल्याणपुर पुलिस ने संतकबीरनगर से गिरफ्तार कर लिया। मुखबिर की सूचना और सर्विलांस की मदद से पुलिस ने बुधवार देर रात खलीलाबाद थाना क्षेत्र स्थित उसके घर के पास घेराबंदी कर उसे पकड़ा। गुरुवार को न्यायालय में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 14 जून 2021 को कल्याणपुर के सत्यम विहार, केशवपुरम स्थित मकान में यतींद्र कुमार तिवारी उर्फ नितिन (29) का शव मिला था। पिता दुर्गा प्रसाद तिवारी की तहरीर पर आत्महत्या के लिए उकसाने की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। जांच के दौरान नितिन के पास से सुसाइड नोट मिला था। इसमें माया देवी, उसके पति राजकिशोर, मजहर अली समेत अन्य लोगों के नाम लिखे थे।
पुलिस के मुताबिक, नितिन से आउटसोर्सिंग के जरिए नौकरी लगवाने के नाम पर रकम ली गई थी। नौकरी नहीं लगने पर वह आरोपियों से रुपये वापस करने का दबाव बना रहा था। इसी दौरान उसने आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलने के बाद मजहर गिरफ्तारी के डर से फरार हो गया था।
मजहर की गिरफ्तारी नहीं होने पर पुलिस ने उस पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी थी। बुधवार को सर्विलांस और मुखबिर से सूचना मिली कि वह संतकबीरनगर के खलीलाबाद थाना क्षेत्र के बिटवा मोहल्ला, मोतीनगर (रोशन नगर) स्थित अपने घर आने वाला है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और घर के पास पहुंचते ही उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में मजहर ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2021 में नितिन से नौकरी लगवाने के नाम पर रुपये लिए गए थे, लेकिन नौकरी नहीं लग सकी। नितिन लगातार रकम वापस करने का दबाव बना रहा था। उसकी आत्महत्या की जानकारी मिलने पर जेल जाने के डर से वह उसी दिन फरार हो गया था। पुलिस के अनुसार, वह पिछले पांच वर्षों से अलग-अलग जगहों पर पहचान बदलकर रह रहा था।
पुलिस माया देवी और उसके पति राजकिशोर को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। एसीपी कल्याणपुर दिलीप कुमार सिंह ने बताया कि मजहर अली की गिरफ्तारी इस मामले में तीसरी है। 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। मामले की विवेचना अभी जारी है।
Updated on:
17 Sept 2026 06:24 pm
Published on:
17 Sept 2026 06:24 pm
