कानपुर

Chandan Gupta Russia News: पत्नी के वीडियो के बाद भारत सरकार एक्टिव, मॉस्को में हिरासत में कानपुर इंजीनियर की मदद कर रहा दूतावास

Kanpur Engineer Chandan Gupta: कानपुर के इंजीनियर चंदन गुप्ता को मॉस्को में रूसी पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने का दावा है। पत्नी स्नेहा ने पति को रूसी सेना में जबरन भेजे जाने की आशंका जताई और PM मोदी-सीएम योगी से मदद मांगी है।
2 min read
Sep 07, 2026
Chandan Gupta Russia News Kanpur Engineer Russia Kanpur Engineer Chandan Gupta
मॉस्को में पति की रिहाई के लिए योगी से गुहार लगातीं स्नेहा गुप्ता

Chandan Gupta Moscow Detained: मॉस्को में कानपुर के इंजीनियर चंदन गुप्ता की हिरासत का मामला अब भारत सरकार के स्तर तक पहुंच गया है। चंदन की पत्नी स्नेहा गुप्ता के सोशल मीडिया पर मदद की अपील करने के बाद मॉस्को स्थित भारतीय दूतावास ने मामले में हस्तक्षेप किया है। दूतावास स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है और चंदन से मिलने के लिए कांसुलर एक्सेस की मांग की है। साथ ही उनकी रिहाई का अनुरोध भी किया गया है।

5 सितंबर की रात रेड स्क्वायर से हिरासत में लिए गए

सरकारी सूत्रों के अनुसार, चंदन गुप्ता और उनके साथ मौजूद एक अन्य व्यक्ति को 5 सितंबर की रात करीब 11:30 बजे मॉस्को के रेड स्क्वायर इलाके से हिरासत में लिया गया था। दोनों को फिलहाल बाउमान्स्काया पुलिस स्टेशन में रखा गया है। चंदन रूस में नोएडा की कंपनी की रूसी सब्सिडियरी के लिए काम करते हैं।

क्या है हिरासत की वजह?

सरकारी सूत्रों के हवाले से सामने आई जानकारी के मुताबिक, रूसी कानून प्रवर्तन अधिकारियों ने चंदन और उनके साथी को सार्वजनिक जगह पर नशे में होने और पास खड़ी एम्बुलेंस के शीशे तोड़ने के आरोप में हिरासत में लिया है। यानी शुरुआती जानकारी में जिस हिरासत को लेकर वजह साफ नहीं थी, अब उसके पीछे पुलिस की ओर से लगाए गए आरोप सामने आए हैं। हालांकि, इस मामले में रूसी अधिकारियों की विस्तृत आधिकारिक जानकारी अभी सार्वजनिक नहीं हुई है।

भारतीय दूतावास ने क्या किया?

चंदन की पत्नी के वीडियो के सामने आने के बाद भारतीय दूतावास ने मामले को स्थानीय अधिकारियों के सामने उठाया है। दूतावास ने चंदन की रिहाई का अनुरोध करने के साथ उनसे मिलने की अनुमति यानी कांसुलर एक्सेस भी मांगी है। दूतावास ने यह भी बताया है कि वह स्नेहा गुप्ता और स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है और मामले को कानूनी प्रक्रिया के तौर पर देखा जा रहा है।

पत्नी ने दूतावास पर भी उठाए सवाल

वहीं, स्नेहा का कहना है कि वह लगातार मॉस्को स्थित भारतीय दूतावास से संपर्क कर रही हैं, लेकिन उन्हें पति की स्थिति को लेकर ठोस जानकारी नहीं मिल रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से हस्तक्षेप की अपील करते हुए कहा कि वह 10 साल के बच्चे के साथ मॉस्को में परेशान हैं। स्नेहा ने यह भी दावा किया कि उन्हें पति को रूसी सेना में भेजे जाने का डर है। हालांकि, चंदन को रूसी सेना में भर्ती किए जाने की उनकी आशंका की अभी स्वतंत्र आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

Updated on:
07 Sept 2026 04:27 pm
Published on:
07 Sept 2026 04:27 pm