कानपुर

Kanpur News: भांजी से छेड़छाड़ का विरोध बना मौत की वजह, मामा ने भांजे को खेत में ले जाकर घोंट दिया था गला

Kanpur Murder Case :कानपुर के घाटमपुर में खेत के पास मिले किशोर के शव का पुलिस ने खुलासा किया। आरोपी रिश्ते का मामा निकला, जो अपनी ही भांजी को परेशान करता था। विरोध करने पर उसने भांजे को खेत में ले जाकर पजामे की डोरी से गला घोंटकर हत्या कर दी।
2 min read
Mar 10, 2026
Feature image

कानपुर के घाटमपुर क्षेत्र में नौवीं के छात्र की हत्या का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। खेत के पास नाले में मिले किशोर के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। जांच में सामने आया कि किशोर की हत्या उसके ही रिश्ते के मामा ने की थी। आरोपी अपनी ही रिश्ते की भांजी को परेशान करता था और जब किशोर ने इसका विरोध किया तो उसने रंजिश में उसे मौत के घाट उतार दिया।

नाले के किनारे मिला था शव

घाटमपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कठेठा निवासी एक व्यक्ति का 15 वर्षीय इकलौता बेटा कक्षा नौ का छात्र था। किशोर की दो बड़ी बहनें भी हैं। शनिवार दोपहर करीब तीन बजे किशोर साइकिल से घर से लगभग 500 मीटर दूर खेत देखने के लिए गया था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। परिजनों को जब चिंता हुई तो उन्होंने उसकी तलाश शुरू की। देर रात किशोर के पिता खेत की ओर पहुंचे तो वहां बेटे की साइकिल खड़ी मिली। आसपास काफी तलाश करने के बाद पास में बह रहे सिंचाई नाले के किनारे बेटे का शव पड़ा मिला। उसके गले में लोअर का नाड़ा कसा हुआ था। यह दृश्य देखकर परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में सनसनी फैल गई।

जांच में सामने आया सच

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। परिजनों की तहरीर के आधार पर थाना घाटमपुर में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच करते हुए कई लोगों से पूछताछ की। शुरुआती जांच में नामजद पिता व पुत्र की संलिप्तता नहीं मिली। इसके बाद साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आशुतोष सिंह का नाम सामने आया, जो मृतक का रिश्ते में मामा लगता है।

भांजी को परेशान करता था आरोपी मामा

पुलिस ने आशुतोष सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने हत्या की पूरी कहानी कबूल कर ली।आरोपी ने बताया कि वह मृतक किशोर की बहन को परेशान करता था, जो रिश्ते में उसकी भांजी लगती है। इस बात का मृतक ने विरोध किया था और उसे ऐसा करने से मना किया था। जिसको को लेकर आरोपी नाराज चल रहा था।बीते शनिवार को उसने बहाने से मृतक को खेत की ओर बुलाया। वहां दोनों के बीच कहासुनी हुई और गुस्से में आकर आरोपी ने पहले उसका गला दबाया और फिर पजामे की डोरी से गला कसकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उसने शव को पास के माइनर में फेंक दिया, ताकि मामला दुर्घटना जैसा लगे।

पुलिस टीम को मिला पुरस्कार

पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेन्द्र नाथ चौधरी ने बताया कि साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर घटना का सफल अनावरण किया गया है। खुलासे में लगी पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित किया गया है।

Updated on:
10 Mar 2026 10:52 pm
Published on:
10 Mar 2026 10:52 pm