कानपुर

पत्नी की मौत के दिन पति को जहर देकर छत से फेंकने का आरोप, 14 महीने बाद कोर्ट के आदेश पर FIR

Kalyanpur Crime News:कानपुर के कल्याणपुर में पत्नी की मौत के दिन पति को जहर खिलाने और छत से फेंकने के आरोप में न्यायालय के आदेश पर 14 महीने 13 दिन बाद साला, साले की पत्नी, सास और मौसी सास के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ।
2 min read
• •
Oct 13, 2026
Kanpur News
सांकेतिक फोटो

Kanpur Crime News :कानपुर में पत्नी की मौत के दिन ही पति को जबरन जहरीला पदार्थ खिलाने और छत से नीचे फेंकने के आरोप में कल्याणपुर पुलिस ने 14 महीने 13 दिन बाद मुकदमा दर्ज किया है। पीड़ित का आरोप है कि पत्नी की मौत के बाद ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके साथ मारपीट की और जान लेने की कोशिश की। शिकायत के बावजूद पुलिस से कार्रवाई नहीं होने पर उसे न्यायालय की शरण लेनी पड़ी। अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट द्वितीय के आदेश पर पुलिस ने साला, साले की पत्नी, सास और मौसी सास के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

2020 में हुई थी शादी, आर्थिक मदद को लेकर विवाद का आरोप

कल्याणपुर के आवास विकास-3 स्थित अंबेडकरपुरम निवासी संदीप कुरील के मुताबिक, उसकी शादी 27 फरवरी 2020 को दिव्या भारती से हुई थी। दंपती का एक बेटा है। संदीप का आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग अक्सर उससे आर्थिक मदद मांगते थे। वह उनकी मदद भी करता था, लेकिन इसके बावजूद पत्नी तनाव में रहती थी।संदीप के अनुसार, सात से 11 मार्च 2025 के बीच पत्नी की मां, मौसी और अन्य रिश्तेदार इलाज कराने के लिए उसके घर आए थे। इस दौरान इलाज के खर्च को लेकर विवाद हुआ था।

पत्नी की मौत के बाद मारपीट, छत से धक्का देने का आरोप

संदीप का आरोप है कि 19 मार्च 2025 को वह नौकरी पर जाने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान पत्नी ने जहरीला पदार्थ खा लिया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पत्नी की मौत की सूचना मिलने पर ससुराल पक्ष के लोग घर पहुंचे। आरोप है कि वहां संदीप और उसकी मां के साथ मारपीट की गई।पीड़ित के मुताबिक, उसकी सास और मौसी सास ने जबरन उसके मुंह में जहरीला पदार्थ डालने की कोशिश की। वह जान बचाकर भागा तो साला प्रबल प्रताप उर्फ अंशू, उसकी पत्नी और अन्य लोगों ने उसे दौड़ाकर छत से नीचे धक्का दे दिया। संदीप का दावा है कि इस घटना में उसकी रीढ़ की हड्डी और पसलियां टूट गईं।

अस्पताल में भी हंगामा करने का आरोप

संदीप ने आरोप लगाया कि 29 अप्रैल 2025 को तिरुपति नर्सिंग होम में उपचार के दौरान प्रबल प्रताप अपने साथियों के साथ पहुंच गया। वहां गाली-गलौज करते हुए सर्जरी कक्ष का दरवाजा पीटने लगा। पीड़ित का कहना है कि उसने 29 मार्च 2025 को डाक के माध्यम से कल्याणपुर थाने में शिकायत भेजी थी। आईजीआरएस पोर्टल पर भी शिकायत की, लेकिन मुकदमा दर्ज नहीं किया गया।

न्यायालय के आदेश पर दर्ज हुआ मुकदमा

पुलिस से कार्रवाई नहीं होने पर संदीप ने न्यायालय में गुहार लगाई। मामले की सुनवाई के बाद अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट द्वितीय ने कल्याणपुर पुलिस को मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया। इसके बाद पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

एसीपी कल्याणपुर दिलीप कुमार सिंह ने बताया कि मामले में जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की जांच में आरोपों की पुष्टि होना अभी बाकी है।

Updated on:
13 Oct 2026 04:17 pm
Published on:
13 Oct 2026 04:17 pm