कानपुर

Kanpur News:महिला से मारपीट, जान से मारने की धमकी, मुकदमा दर्ज

Kanpur Crime News:कानपुर के कल्याणपुर में किराया विवाद को लेकर महिला से मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी का मामला सामने आया। आरोपी पर पत्थरबाजी और बच्चे को उठाने की धमकी का आरोप, पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

2 min read
Apr 17, 2026
Feature image

कानपुर के कल्यानपुर थाना क्षेत्र स्थित सोमनाथ मंदिर परिसर में किराया विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। यहां एक महिला के साथ अभद्रता, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

किराया न देने और दुकान खाली न करने का आरोप

सोमनाथ मंदिर परिसर निवासी अंकिता पुरी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि परिसर में बनी एक दुकान पर श्रीकृष्ण बाजपेयी पुत्र प्रयाग नारायण बाजपेयी, निवासी साहबनगर, कई वर्षों से कपड़ों का व्यवसाय कर रहा है। आरोप है कि वह लंबे समय से दुकान का किराया नहीं दे रहा है और बार-बार कहने के बावजूद दुकान खाली नहीं कर रहा। पीड़िता ने बताया कि 18 दिसंबर 2025 को भी इस संबंध में थाने में शिकायत की गई थी, जिस पर आरोपी ने तीन महीने में दुकान खाली करने का लिखित आश्वासन दिया था। हालांकि तय समय बीतने के बाद भी आरोपी ने न तो दुकान खाली की और न ही किराया दिया।

विरोध करने पर मारपीट और धमकी

पीड़िता के मुताबिक 18 मार्च 2026 की रात करीब 8 बजे जब उसने आरोपी से दुकान खाली करने को कहा, तो वह भड़क गया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट पर उतर आया। आरोप है कि आरोपी ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी, जिससे परिवार दहशत में आ गया। महिला का कहना है कि आरोपी का व्यवहार लगातार आक्रामक होता जा रहा था और वह विवाद को बढ़ाने की कोशिश कर रहा था।

पत्थरबाजी और बच्चे को उठाने की धमकी

मामले में एक और गंभीर आरोप लगाते हुए पीड़िता ने बताया कि 24 मार्च की रात करीब 11:45 बजे आरोपी ने मंदिर परिसर में पत्थर फेंककर दहशत फैलाने की कोशिश की। इस दौरान उसने परिवार के बच्चे को उठाने की धमकी भी दी। घटना के बाद से पीड़ित परिवार भयभीत है और सुरक्षा की मांग कर रहा है।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, जांच जारी

थाना प्रभारी कल्याणपुर संतोष सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

Updated on:
17 Apr 2026 01:19 pm
Published on:
17 Apr 2026 01:17 pm