Kanpur Murder Case:कानपुर के पनकी थाना क्षेत्र में नाले से कंबल में लिपटा महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पहचान आकृति उर्फ रूबी के रूप में हुई। हत्या के आरोप में पति नितिन सविता गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।
कानपुर। पनकी थाना क्षेत्र में बीते शनिवार को नाले में कंबल में लिपटा एक महिला का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सुबह-सुबह स्थानीय लोगों ने नाले में पड़े कंबल से दुर्गंध उठती देखी तो पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पनकी थाना पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। कंबल में लिपटे शव की हालत देखकर प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया।
रविवार को हुई थी पहचान -
रविवार को मामले में बड़ा मोड़ तब आया, जब सोशल मीडिया पर वायरल हुई शव की तस्वीरों के आधार पर मृतका के परिजन थाने पहुंचे। परिजनों ने शव की पहचान पनकी सरायमीता निवासी आकृति उर्फ रूबी (28) के रूप में की। पहचान होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतका के भाई राहुल और दीपक ने पुलिस को बताया कि आकृति की शादी कुछ वर्ष पूर्व नितिन सविता से हुई थी और दांपत्य जीवन में अक्सर विवाद रहता था।
मृतक महिला के पति को भेजा गया जेल -
परिजनों ने आरोप लगाया कि आकृति को पति और ससुराल पक्ष के लोग लंबे समय से प्रताड़ित कर रहे थे। उनका कहना था कि आकृति की हत्या कर शव को नाले में फेंक दिया गया, ताकि मामला दुर्घटना या गुमशुदगी जैसा लगे। परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के साक्ष्य, मोबाइल कॉल डिटेल और पारिवारिक बयान जुटाए।साक्ष्यों के आधार पर सोमवार को पुलिस ने मृतका के पति नितिन सविता को हिरासत में लेकर पूछताछ की।पूछताछ के दौरान आरोपी के बयान और अन्य तथ्यों में विरोधाभास पाए गए,जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
क्या बोले थाना प्रभारी -
थाना प्रभारी मनोज भदोरिया ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही, मामले में अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी गहनता से जांच की जा रही है।