
Kanpur Murder: प्रेमी के साथ मिलकर पड़ोसन ने की थी वृद्धा की हत्या, 16 हजार रुपये वाली बात पर हैरान रह गए पुलिस अधिकारीकानपुर रोड स्थित एलडीए कालोनी में बुजुर्ग महिला की हत्या उनके पड़ोस में रहने वाली युवती ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर की थी। दोनों हत्या के इरादे से घर में घुसे थे। युवती को 16 हजार रुपये की सख्त जरूरत थी, इसलिये उसने प्रेमी के साथ हत्या की साजिश रची थी।
प्रेमी-प्रेमिका ने सोचा था कि वारदात नौकरानी के जाने के तुरंत बाद की जायेगी ताकि उस पर ही पुलिस का शक जाए। पुलिस ने प्रेमी युगल को हिरासत में ले लिया है। दोनों ने कुबूला कि पहचान होने पर पकड़े जाने का खतरा था इसलिये ही हत्या कर दी थी। हत्या के बाद शरीर पर पहने जेवर लूट कर दोनों भाग निकले थे। पुलिस को नौकरानी के बयान, एक फुटेज से दोनों का सुराग मिल गया था।
सेक्टर एफ कॉलोनी में 72 वर्षीय सरला अकेली रहती थीं। बेटा अमित गोरखपुर और बेटी रश्मि अहमदाबाद में रहती हैं। पांच अगस्त की दोपहर घर के अंदर सरला की हत्या कर दी गई थी। उनके शरीर से जेवर गायब थे। पुलिस लूट से इनकार किया था। बेटे अमित ने संशय जताया था कि मां ने गहने पहने थे या नहीं। बेटे ने 15 हजार रुपये भिजवाये थे जो आलमारी में सुरक्षित मिले। फुटेज और नौकरानी से पूछताछ में पुलिस का शक पड़ोस की अर्चना पर गया। अर्चना के बारे में नौकरानी से ही पता चला कि उसके घर अक्सर सूरज नाम का लड़का आता रहता है। वह दो दिन से अक्सर घर के आस पास की दिखता था।
फुटेज से सुराग पर सूरज को उठाया पुलिस ने फुटेज में बाइक पर सूरज को दिखने पर पूछताछ के लिये बुलाया था। उसके और अर्चना के बयानों में काफी विरोधाभास मिला। दोनों के खिलाफ कई साक्ष्य मिले तो सूरज ने कुबूल लिया कि वह हत्या में शामिल था। अर्चना को 16 हजार की जरूरत थी। सरला अकेले रहती है। इसलिये ही नौकरानी रंजीता के घर से जाने के बाद का समय घटना के लिये तय किया गया।
सूरज ने पुलिस के सामने कुबूला कि अर्चना ने ही सरला से दरवाजा खुलवाया था। अर्चना के साथ ही वह भी अंदर चला गया। उसे देखकर सरला ने विरोध किया लेकिन दोनों ने उन पर हमला कर दिया। इसके बाद अर्चना ने उनके पैर बांधे और सूरज ने गमछे से गला कस दिया। पैर बांधते समय अर्चना और सरला में काफी विरोध भी हुआ था। हाथापाई भी हुई थी। एसीपी का कहना है कि कुछ बिन्दुओं पर अभी पड़ताल चल रही है। शुक्रवार को इस घटना का पूरा खुलासा कर दिया जायेगा।