कानपुर

कानपुर नगर निगम में लगी आग; आग की लपटें और धुआं देख कर्मचारी दफ्तर छोड़ भागे, स्थिति का जायजा लेने पहुंचीं महापौर

Kanpur Nagar Nigam Fire News: कानपुर नगर निगम के द्वितीय तल स्थित राजस्व विभाग में गुरुवार शाम अचानक भीषण आग लग गई। आग और धुएं के कारण कर्मचारियों में अफरातफरी मच गई। आशंका है कि सैकड़ों सरकारी दस्तावेज जल गए हैं। सूचना पर दमकल की गाड़ियां और महापौर प्रमिला पांडे मौके पर पहुंचीं। पूरी खबर पढ़िए...
2 min read
Jul 09, 2026
Kanpur News, Kanpur Nagar Nigam Fire, UP News, Fire Brigade Kanpur, Mayor Pramila Pandey, Short Circuit, UP News in Hindi, कानपुर न्यूज, कानपुर नगर निगम में आग, यूपी न्यूज, प्रमिला पांडे, Fire in Kanpur Nagar Nigam, Kanpur Nagar Nigam Fire Incident, UP News
कानपुर नगर निगम की दूसरी मंजिल पर लगी आग (फोटो- पत्रिका)

Kanpur Nagar Nigam Fire Incident: कानपुर से बड़ी खबर सामने आ रही है। कानपुर नगर निगम मुख्यालय के दूसरे तल पर आज यानी गुरुवार शाम करीब 4:30 बजे अचानक भीषण आग लग गई। राजस्व विभाग में लगी इस आग से पूरे परिसर में अफरातफरी का माहौल बन गया। आग की लपटों और धुएं को देखते हुए नगर निगम के कर्मचारी घबराकर अपने-अपने कार्यालयों से बाहर भाग निकले।

दमकल की गाड़ियां मौके पर, राहत कार्य जारी

आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां और क्षेत्रीय थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई। दमकल कर्मी क्रेन के सहारे लगातार पानी की बौछार कर आग को फैलने से रोकने और उस पर काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं। सेकंड फ्लोर पर बहुत ज्यादा धुआं भर जाने के कारण अंदर जाकर राहत और बचाव कार्य करने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। निगम के कर्मचारी भी आग बुझाने में दमकल टीम की मदद कर रहे हैं और सुरक्षित स्थानों पर खड़े होकर स्थिति के सामान्य होने का इंतजार कर रहे हैं।

सैकड़ों सरकारी फाइलें जलने की आशंका

नगर निगम कार्यालय के जिस हिस्से में आग लगी वहां बड़ी संख्या में महत्वपूर्ण सरकारी दस्तावेज और फाइलें रखी हुई थीं। आशंका जताई जा रही है कि इस आग की चपेट में आने से सैकड़ों जरूरी फाइलें जल सकती हैं। आग लगने का शुरुआती कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है हालांकि वास्तविक कारणों की अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच की जाएगी।

महापौर प्रमिला पांडे ने लिया स्थिति का जायजा

घटना की जानकारी मिलने के बाद कानपुर की महापौर प्रमिला पांडे भी फौरन मौके पर पहुंचीं और पूरी स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने वहां मौजूद अधिकारियों से आग बुझाने के काम और राहत कार्यों की पूरी जानकारी ली। फिलहाल प्रशासन की सबसे पहली प्राथमिकता आग पर पूरी तरह से नियंत्रण पाना है। आग बुझने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि सरकारी दस्तावेजों का कुल कितना नुकसान हुआ है। इस बड़ी घटना ने नगर निगम जैसे महत्वपूर्ण सरकारी कार्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Updated on:
09 Jul 2026 06:36 pm
Published on:
09 Jul 2026 06:08 pm