कानपुर

Kanpur News: रंग, मुखौटे और कानपुरिया ठाठ, होली पर सड़कों पर उतरी मस्ती की बारात

Kanpur Holi Celebration:कानपुर में सुबह से होली की धूम रही। बच्चे पिचकारियों और रंगों के साथ मस्ती करते दिखे, युवा डीजे पर झूमते नजर आए। मुखौटे, गुलाल और मिठाइयों के बीच पूरे शहर में उत्साह, भाईचारा और उल्लास का रंग छाया रहा।

less than 1 minute read
Mar 04, 2026
Feature image

कानपुर में सुबह जैसे ही सूरज ने दस्तक दी, फिजाओं में रंगों की बौछार शुरू हो गई। आर्य नगर,स्वरूप नगर, कल्याणपुर, परमिट सहित शहर की गलियों, मोहल्लों और प्रमुख चौराहों पर कानपुरिया अंदाज में लोग होली की मस्ती में सराबोर नजर आए। ढोल की थाप, डीजे की धुन और “होली है!” के नारों के बीच पूरा शहर रंगोत्सव में डूबा दिखा।

रंग बरसाते नजर आए लोगों-

सबसे ज्यादा उत्साह बच्चों में देखने को मिला। हाथों में रंग-बिरंगी पिचकारियां और गुब्बारे लिए बच्चे एक-दूसरे पर रंग बरसाते नजर आए। कई बच्चों ने सुपरहीरो और कार्टून किरदारों के मुखौटे पहन रखे थे, तो कुछ ने नकली रंगीन बाल लगाकर खुद को अलग अंदाज में सजाया था। उनकी खिलखिलाहट से मोहल्लों की रौनक दोगुनी हो गई। इस के साथ ही युवा वर्ग भी पीछे नहीं रहा। चेहरे पर अबीर-गुलाल लगाए, सफेद टी-शर्ट को रंगों से रंगते हुए युवाओं की टोलियां सड़कों पर डांस करती दिखीं। कहीं बॉलीवुड के होली गीतों पर ठुमके लगे, तो कहीं देसी ढोल की थाप पर पारंपरिक अंदाज में जश्न मनाया गया। कई स्थानों पर लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और मिठाई खिलाकर रिश्तों में मिठास घोली।

बच्चे और बड़े रंगों की बौछार करते दिखे -

घरों की छतों से भी बच्चे और बड़े रंगों की बौछार करते दिखे। कई लोगों ने पर्यावरण के प्रति जागरूकता दिखाते हुए हर्बल और प्राकृतिक रंगों का इस्तेमाल किया।महिलाएं भी समूह बनाकर होली गीत गाती और एक-दूसरे को गुलाल लगाती नजर आईं। पारंपरिक पकवानों की खुशबू से घर-घर में उत्सव का माहौल रहा। गुजिया, दही-बड़े और नमकीन के साथ रंगों की मिठास ने त्योहार को और खास बना दिया। वहीं, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन भी अलर्ट मोड में नजर आया, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।