कानपुर

Kanpur News:IPL सट्टे से खुला करोड़ों का साइबर फ्रॉड, दुबई कनेक्शन वाले ‘ब्रांच 24’ गैंग के 8 सदस्य गिरफ्तार

IPL betting cyber fraud Kanpur:कानपुर में पुलिस ने दुबई कनेक्शन वाले साइबर ठगी गैंग का भंडाफोड़ कर 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया। ये IPL सट्टे के जरिए लोगों को फंसाकर ठगी की रकम से भुगतान करते थे। करोड़ों के ट्रांजेक्शन और नेटवर्क की जांच जारी है।

2 min read
Apr 14, 2026
प्रेस वार्ता करते पुलिस आयुक्त

कानपुर में ऑनलाइन सट्टेबाजी के नाम पर चल रहे एक हाईटेक साइबर फ्रॉड का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। बर्रा पुलिस ने ऐसे गैंग का पर्दाफाश किया है, जो IPL सट्टे के जरिए लोगों को जाल में फंसाकर करोड़ों रुपये की ठगी कर रहा था। इस गिरोह के तार सीधे दुबई से जुड़े मिले है। पुलिस ने इस मामले में आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पकड़े गए आरोपी शहर के अलग-अलग इलाकों के रहने वाले हैं और इन्हें बर्रा के पीले पुल के पास से दबोचा गया। पूछताछ में जो खुलासे हुए, उसने पुलिस को भी चौंका दिया।

ये भी पढ़ें

Kanpur Weather: गर्मी का कहर: 3 दिनों में 41°C तक पहुंचेगा पारा, मौसम विभाग का अलर्ट

प्रतिबंधित ऐप के नाम का करते थे इस्तेमाल

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी प्रतिबंधित बेटिंग ऐप जैसे लोटस 365, रेडी बुक और अन्य प्लेटफॉर्म के क्लोन बनाकर लोगों को सट्टा खिलाते थे। शुरुआत में यूजर्स को छोटी रकम जिताकर उनका भरोसा जीता जाता था, लेकिन जैसे ही वे बड़ी रकम लगाते, उन्हें हरा दिया जाता था। इस तरह लोग धीरे-धीरे ठगी के जाल में फंसते चले जाते थे।

सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि सट्टा जीतने वालों को जो पैसा दिया जाता था, वह असल में साइबर ठगी से लूटा गया होता था। आरोपी व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए बैंक खातों की डिटेल प्राप्त करते और उसी हिसाब से रकम ट्रांसफर करते थे। इसके बदले उन्हें हर महीने 25 से 50 हजार रुपये तक मिलते थे।

“ब्रांच 24” के नाम से है गैंग

पुलिस के मुताबिक, इस गैंग का नाम “ब्रांच 24” है और इसके कई अन्य नेटवर्क भी सक्रिय हैं। आरोपियों के बैंक खातों की जांच में पिछले तीन महीनों के भीतर एक अरब रुपये से ज्यादा का ट्रांजेक्शन सामने आया है, जो इस नेटवर्क के बड़े पैमाने पर फैलाव की ओर इशारा करता है।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने 26 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, 54 एटीएम कार्ड, 30 सिम कार्ड, चेकबुक और पासबुक बरामद की हैं। साथ ही करीब 50 लाख रुपये की संदिग्ध रकम को फ्रीज कराने की प्रक्रिया जारी है।

क्या बोले पुलिस आयुक्त

पुलिस आयुक्त ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आठ आरोपियों में सत्यम तिवारी,अनमोल विश्वकर्मा,नितिन गुप्ता,अभिषेक वर्मा,हितेश निगम,स्नेहिल बजाज,सुल्तान अहमद, नौशाद शामिल है। इनके कुछ साथी फरार हो गए हैं। फरार आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही इस इंटरनेशनल नेटवर्क के और बड़े खुलासे हो सकते हैं। इस गैंग के अन्य सदस्यों को भी जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जएगा।

Updated on:
14 Apr 2026 09:37 am
Published on:
14 Apr 2026 09:34 am
Also Read
View All