कानपुर

Kanpur News:सुरंग के रास्ते ज्वैलर्स शॉप में हुई थी चोरी,पुलिस ने ऐसे खोला राज,तीन गिरफ्तार

Jewelry Shop Tunnel Theft:कानपुर के अहिरवां में चोरों ने सुरंग बनाकर ज्वैलर्स की दुकान से लाखों का सामान चोरी कर लिया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी मदद से दो चोरों और चोरी का माल खरीदने वाले सर्राफ को गिरफ्तार किया।

2 min read
Mar 24, 2026

कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र के अहिरवां इलाके में ज्वैलर्स की दुकान में सुरंग बनाकर चोरी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। न्यू पटेल नगर स्थित “खाटू ज्वैलर्स” के मालिक सोनू वर्मा 16 मार्च की रात दुकान बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन सुबह पड़ोसियों से सूचना मिलने पर जब वह पहुंचे तो दुकान के अंदर का नजारा देख दंग रह गए। चोरों ने पीछे खाली प्लॉट से सुरंग बनाकर दुकान में प्रवेश किया और करीब एक किलो चांदी, आठ ग्राम सोना व लगभग 50 हजार रुपये नकद समेत करीब पांच लाख का माल पार कर दिया।

ये भी पढ़ें

Kanpur News: नगर निगम किसने दबाए 183 करोड़? सबसे बड़े सरकारी बकायेदार का नाम जानकर चौंक जाएंगे आप!

सीसीटीवी और ‘यक्ष एप’ से पुलिस ने पकड़े शातिर

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे और डीवीआर भी उखाड़ ले गए, ताकि अपने पीछे कोई सबूत न छोड़ें। इसके बावजूद पुलिस ने हार नहीं मानी और आसपास लगे अन्य कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। जांच के दौरान कुछ संदिग्ध गतिविधियां सामने आईं, जिनके आधार पर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों का सहारा लिया। ‘यक्ष एप’ की मदद से आरोपियों की लोकेशन ट्रेस की गई। इसके बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी मो. शकील और उसके साथी धर्मेंद्र गौतम उर्फ जावेद को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि शकील पहले इसी इलाके में रह चुका था, जिससे उसे दुकान और आसपास की पूरी जानकारी थी, और उसी आधार पर उसने इस वारदात की साजिश रची।

चोरी का माल खरीदने वाला सर्राफ भी दबोचा गया

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि चोरी का सारा माल बेकनगंज निवासी सर्राफ शाह कमाल को बेचा गया था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर छापेमारी कर सर्राफ को भी गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से 130 ग्राम चांदी, एक जोड़ी पायल, 500 रुपये का चांदी का नोट, 159 नग आर्टिफिशियल ज्वैलरी और चोरी हुआ डीवीआर बरामद किया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में अभी अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है और जल्द ही और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। वही व्यापारियों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, रात में गश्त बढ़ाने और सीसीटीवी निगरानी को और प्रभावी बनाने की मांग प्रशासन से की है।

क्या बोले पुलिस उपायुक्त

पुलिस उपायुक्त पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि चकेरी क्षेत्र में खाटू श्याम ज्वैलर्स में दिनांक 16/17 मार्च की रात्रि दीवार में सेंध लगाकर हुई चोरी की घटना का पुलिस द्वारा सफल खुलासा किया गया है। संयुक्त टीम द्वारा 03 अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है।अभियुक्तों के कब्जे से चोरी की ज्वैलरी (चांदी व आर्टिफिशियल), नगदी, डीवीआर, घटना में प्रयुक्त उपकरण व मोटरसाइकिल बरामद की गई है। आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है तथा अग्रिम विधिक कार्यवाही प्रचलित है।

Published on:
24 Mar 2026 04:07 pm
Also Read
View All

अगली खबर