
कानपुर। गोविंदनगर थाना क्षेत्र में मोबाइल मांगने को लेकर हुए झगड़े के बाद 19 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, वहीं परिवार ने पुलिस और पड़ोस में रहने वाली महिला पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मूलरूप से कन्नौज के ठठिया बसावनपुरवा निवासी हाकिम सिंह पिछले पांच वर्षों से गोविंदनगर में नटराज सिनेमा के पास किराये के मकान में रहकर मजदूरी करते हैं। घर में नवरात्र की पूजा चल रही थी। जिसके चलते वह अपनी पत्नी नीलम देवी के साथ बाजार गए हुए थे। इस दौरान उनका 19 वर्षीय बेटा अमन घर पर अकेला था।
परिजनों के मुताबिक, अमन ने पड़ोस में रहने वाली एक महिला से किसी से बात करने के लिए मोबाइल मांगा था। इसी बात पर विवाद हो गया। आरोप है कि महिला ने उसके साथ मारपीट की और पुलिस को सूचना दे दी।सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो युवक घबरा गया और खुद को कमरे में बंद कर लिया। बताया जा रहा है कि पुलिसकर्मी लगातार दरवाजा खटखटाते रहे और उसे बाहर आने के लिए कहते रहे। इसी दौरान युवक पर मानसिक दबाव बढ़ता गया और उसने अंदर ही आत्मघाती कदम उठा लिया।
कुछ देर बाद जब दरवाजा नहीं खुला तो आसपास के लोगों को शक हुआ। सूचना पर दोबारा पुलिस पहुंची और फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया। दरवाजा तोड़कर अंदर देखा गया तो युवक दुपट्टे के सहारे फंदे से लटका मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पिता हाकिम सिंह ने आरोप लगाया कि पुलिस के डर और दबाव के कारण उनके बेटे ने यह कदम उठाया। उन्होंने मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मामले में डीसीपी दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि पुलिस महिला की सूचना पर मौके पर पहुंची थी। युवक द्वारा दरवाजा न खोलने पर पुलिस लौट आई थी। बाद में आत्महत्या की सूचना मिली। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही मौत के असल कारणों का पूरी तरह खुलासा हो सकेगा।