कानपुर

Kanpur News:शराब न देने पर सेल्समैन और साथी की पिटाई, एक की मौत

Rural Crime Kanpur:बिधनू क्षेत्र में बंद देसी शराब की दुकान से शराब न देने पर युवकों ने सेल्समैन और उसके साथी पर हमला किया। गंभीर रूप से घायल उदय सिंह की हैलट अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

2 min read
Feb 27, 2026

कानपुर।बिधनू थाना क्षेत्र अंतर्गत भवानीपुर गांव में देर रात बंद देसी शराब की दुकान से शराब देने से इनकार करने पर चार–पांच युवकों ने सेल्समैन पवन तिवारी और उसके साथी उदय सिंह उर्फ बाबा (53) को डंडों से बेरहमी से पीट दिया। गंभीर रूप से घायल उदय सिंह की सुबह हैलट अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। वही आरोपी की तलाश में पुलिस टीम लगी है।

देर रात दुकान बंद होने पर हुआ विवाद-

ये भी पढ़ें

Hamirpur News:गलत दिशा से आए ट्रक ने उजाड़ा परिवार, बेटे की मौत, पिता गंभीर घायल

सेल्समैन पवन तिवारी के भाई रितेश की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार, रात करीब 12 बजे चार–पांच युवक शराब खरीदने दुकान पर पहुंचे। दुकान बंद होने के कारण पवन ने शराब देने से मना कर दिया। इस पर आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और कुछ देर बाद लौटने की धमकी देते हुए चले गए।

रिपोर्ट के मुताबिक, इसी दौरान उदय सिंह लघुशंका के लिए दुकान से बाहर निकले। तभी घात लगाए हमलावरों ने उन पर डंडों से हमला कर दिया। पवन तिवारी बचाव में आगे आया तो आरोपियों ने उसे भी पीटा। हमलावर पवन का मोबाइल फोन लूटकर मौके से फरार हो गए।

सीसीटीवी कैमरे निकले बंद -

घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को बिधनू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया। सुबह इलाज के दौरान उदय सिंह ने दम तोड़ दिया। पुलिस जांच में सामने आया है कि शराब की दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे घटना के समय बंद थे। जांच में यह भी पता चला कि कैमरे सौर ऊर्जा से संचालित होते हैं और दुकान बंद होने पर सोलर पैनल हटा लिए जाते हैं। ठेके के आसपास आबादी न होने के कारण अन्य कोई सीसीटीवी कैमरा भी उपलब्ध नहीं हो सका।

शादी समारोह से जुड़े लोगों पर शक-

पुलिस को आशंका है कि वारदात को अंजाम देने वाले युवक किसी नजदीकी शादी समारोह में शामिल होने आए थे। इस कड़ी में आसपास के गेस्ट हाउस और मैरिज लॉन की भी पड़ताल की जा रही है। वहीं, सर्विलांस टीम लूटे गए मोबाइल फोन की लोकेशन के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

अकेले रह गए थे उदय-

उदय सिंह उर्फ बाबा भवानीपुर गांव के रहने वाले थे। उनके भाई रितेश के अनुसार, छह भाइयों में उदय तीसरे नंबर पर थे, जिनमें से तीन भाइयों की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। करीब दस साल पहले उनकी पत्नी उन्हें छोड़कर चली गई थी। इसके बाद वह अपनी बेटी आरती के साथ रहते थे। बेटी की शादी हो जाने के बाद उदय अकेले रह गए थे।

वही पूरे मामले को लेकर डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही घटना खुलासा किया जाए।

Published on:
27 Feb 2026 08:02 am
Also Read
View All

अगली खबर