Kanpur road accident: सचेंडी हाईवे पर ड्यूटी से लौट रहे प्राइवेट कर्मी को अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव मर्चुरी भेजा। परिजनों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर सीसीटीवी से जांच की जा रही है।
कानपुर। सचेंडी थाना क्षेत्र में हाईवे पर दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। ड्यूटी से लौट रहे एक प्राइवेटकर्मी को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना पाकर जब बेटा मौके पर पहुंचा, तब तक पुलिस शव को अज्ञात में दाखिल कर पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भेज चुकी थी।
पुलिस के अनुसार, मूलरूप से घाटमपुर के बरीपाल निवासी 45 वर्षीय करन सिंह पिछले कुछ वर्षों से सचेंडी में रहकर निजी प्रतिष्ठान ओरियंट रिसार्ट में काम करते थे। वह परिवार के साथ रिसार्ट के पास ही किराए के मकान में रहते थे। उनके परिवार में पत्नी विनीता, बेटा सुमित और बेटी प्रांशी हैं।परिजनों ने बताया कि करन सिंह रोज की तरह ड्यूटी पूरी कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान वह कुछ जरूरी सामान लेने के लिए हाईवे की ओर निकले थे। तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि करन सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मर्चुरी भेज दिया।उधर, हादसे की जानकारी मिलते ही बेटा सुमित मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक शव अज्ञात में दाखिल किया जा चुका था। बेटे का कहना है कि यदि पुलिस थोड़ी देर रुक जाती तो पहचान हो सकती थी। फिलहाल पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
सचेंडी थाना प्रभारी दीनानाथ मिश्रा ने बताया कि अज्ञात वाहन की तलाश के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही वाहन और चालक की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।