कानपुर

Kanpur News:रंगदारी की मांग ठुकराई तो बरसी गोलियां, मुकदमा दर्ज

Kanpur firing case:बिठूर क्षेत्र में रंगदारी विवाद को लेकर ट्रक चालक पर देर रात फायरिंग की गई। चालक सुरक्षित बच गया। पुलिस ने तीन नामजद समेत कई आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

2 min read
Mar 28, 2026
रंगदारी विवाद में ट्रक चालक पर फायरिंग (फोटो -AI)

कानपुर के बिठूर थाना क्षेत्र में रंगदारी न देने पर दबंगों द्वारा ट्रक चालक पर फायरिंग किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मिट्टी ढुलाई कर रही एक कंस्ट्रक्शन कंपनी के चालक को निशाना बनाते हुए देर रात फायर झोंका गया। इस मामले में पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों समेत 4-5 अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश शुरू कर दी है।

ये भी पढ़ें

Auraiya Crime News: बगिया में आम के पेड़ से लटका मिला राजमिस्त्री का शव, पुलिस जांच में जुटी

कई दिनों से रंगदारी की मांग, काम बंद कराने की धमकी

पीड़ित अभिषेक चतुर्वेदी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी फर्म ‘जय श्री राम कंस्ट्रक्शन कंपनी’ को चौबेपुर क्षेत्र के ग्राम डिगरापुर में मिट्टी ढुलाई का अनुज्ञापत्र मिला हुआ है। आरोप है कि क्षेत्र के रहने वाले राजेश यादव द्वारा बीते कई दिनों से लगातार रंगदारी की मांग की जा रही थी। आरोपी का कहना था कि इलाके में काम करना है तो उसे पैसे देने होंगे, अन्यथा काम बंद करवा दिया जाएगा। लगातार मिल रही धमकियों के चलते कंपनी के कर्मचारी दहशत में थे।

ट्रक न रोकने पर चालक पर फायरिंग, बाल-बाल बची जान

घटना 27 मार्च की देर रात करीब 1 से 2 बजे के बीच की बताई जा रही है। तहरीर के अनुसार, विन्धवासिनी फिलिंग स्टेशन, गंभीरपुर के पास राजेश यादव, विशेष यादव निवासी गुनऊपुरवा और शुभम यादव निवासी गंभीरपुर अपने 4-5 अज्ञात साथियों के साथ पहुंचे। आरोपियों ने कंपनी के ट्रक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक द्वारा ट्रक न रोकने पर आरोपियों ने अवैध असलहे से फायरिंग कर दी। इस दौरान चालक किसी तरह अपनी जान बचाकर मौके से निकल गया। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, आरोपियों की तलाश जारी

घटना की सूचना मिलते ही कंपनी संचालक मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। बिठूर थाना पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर राजेश यादव, विशेष यादव, शुभम यादव समेत अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Updated on:
28 Mar 2026 02:31 pm
Published on:
28 Mar 2026 02:17 pm
Also Read
View All

अगली खबर