कानपुर

Kanpur News:जिस ऑपरेटर पर था भरोसा, वही निकला मास्टरमाइंड, फैक्ट्री से उड़ाईं थी 10 लाख की रांगा सिल्ली, गिरफ्तार

Kanpur Factory Theft:पनकी इंडस्ट्रियल एरिया स्थित फैक्ट्री में ऑपरेटर ने ही साथी के साथ मिलकर 110 रांगा सिल्ली चोरी कर ली। पुलिस ने सीसीटीवी और तकनीकी जांच के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर 108 सिल्ली बरामद कीं। बरामद माल की कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है।

2 min read
May 24, 2026
पनकी पुलिस की गिरफ्त में फैक्ट्री से रांगा की सिल्ली चोरी करने वाले गिरफ्तार आरोपी

कानपुर के पनकी इंडस्ट्रियल एरिया में फैक्ट्री से रांगा (लेड) की सिल्ली चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा कर दिया। हैरानी की बात यह रही कि चोरी की वारदात को फैक्ट्री में काम करने वाले ऑपरेटर ने ही अपने साथी के साथ मिलकर अंजाम दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 10 लाख रुपये कीमत की 108 सिल्ली बरामद कर ली हैं।

फैक्ट्री मालिक की शिकायत के बाद हरकत में आई पुलिस

पनकी थाना क्षेत्र के साइट नंबर-3 इंडस्ट्रियल एरिया स्थित फैक्ट्री के मालिक धीरज गुप्ता ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि उनकी फैक्ट्री में ऑपरेटर के पद पर कार्यरत शिवम 22 मई को रांगा की 110 सिल्ली चोरी कर फरार हो गया। घटना के बाद आरोपी ने अपना मोबाइल फोन भी बंद कर लिया था। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

सीसीटीवी और तकनीकी जांच से खुला चोरी का राज

मामले के खुलासे के लिए पुलिस टीम गठित की गई। जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया। इसी दौरान पुलिस को आरोपियों की लोकेशन और गतिविधियों की अहम जानकारी मिली।मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने न्यू ट्रांसपोर्ट नगर स्थित पानी की टंकी के पास से ग्वालियर निवासी शिवम किरार और अभिषेक कुशवाहा को गिरफ्तार कर लिया।

ग्वालियर में बेचने की थी तैयारी, उससे पहले दबोचे गए

पूछताछ में सामने आया कि शिवम फैक्ट्री में ऑपरेटर था और उसने अपने साथी अभिषेक के साथ मिलकर चोरी की पूरी साजिश रची थी। दोनों चोरी की गई सिल्ली को ग्वालियर ले जाकर दुकानों में कम कीमत पर बेचने की तैयारी में थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें पहले ही पकड़ लिया।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई 108 रांगा की सिल्ली बरामद की है। बरामद माल की कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है।

डीसीपी बोले-अन्य लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में

डीसीपी पश्चिम ने बताया कि दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। मामले में यह भी जांच की जा रही है कि चोरी की वारदात में अन्य लोग शामिल थे या नहीं। साथ ही आरोपियों के आपराधिक इतिहास का सत्यापन भी कराया जा रहा है।

Updated on:
24 May 2026 07:27 pm
Published on:
24 May 2026 07:19 pm
Also Read
View All