कानपुर

Kanpur News:मकान का सपना दिखाकर ठगी: दिव्यांग महिला से 2.20 लाख हड़पे,मुकदमा दर्ज

Kanpur Housing fraud:पनकी में मकान दिलाने के नाम पर दिव्यांग महिला से 2.20 लाख रुपये की ठगी हुई। आरोपी ने बैनामा कराने से इंकार किया और धमकी दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
2 min read
Mar 22, 2026
Feature image

कानपुर के पनकी थाना क्षेत्र में एक दिव्यांग महिला से ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि मकान दिलाने का झांसा देकर एक व्यक्ति ने महिला से रुपये ठग लिए। रकम लेने के बाद आरोपी ने बैनामा कराने से साफ इनकार कर दिया। ठगी का एहसास होने पर पीड़िता ने पुलिस से शिकायत की। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को पकड़कर कार्रवाई की जाएगी।

भरोसे में लेकर कराया सौदा, नकद और चेक से ली रकम

पनकी के गंगागंज निवासी रानी कश्यप अपने लिए एक मकान खरीदना चाहती थीं। इसी दौरान उनकी मुलाकात हरिशंकर नामक व्यक्ति से हुई। आरोपी ने काशीराम कॉलोनी स्थित ब्लॉक संख्या 294, मकान नंबर 15 को अपनी मां के नाम आवंटित बताते हुए 2.20 लाख रुपये में बेचने की बात कही।आरोप है कि महिला ने एक लाख रुपये नकद और एक लाख 20 हजार रुपये चेक के जरिए आरोपी को दे दिए। रकम मिलने के बाद आरोपी ने महिला को मकान का कब्जा भी दे दिया और तीन माह में बैनामा कराने का भरोसा दिलाया।

डूडा योजना का मकान निकला, नियमों के खिलाफ था सौदा

समय बीतने के बाद जब पीड़िता ने बैनामा कराने की बात कही तो आरोपी टालमटोल करने लगा और अंत में साफ इंकार कर दिया। इसके बाद जब महिला ने पड़ोसियों से जानकारी ली तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ।बताया गया कि संबंधित मकान डूडा (जिला शहरी विकास अभिकरण) योजना के तहत आवंटित है, जिसे बेचना नियमों के खिलाफ है। इससे स्पष्ट हो गया कि आरोपी ने शुरू से ही फर्जीवाड़ा कर महिला को जाल में फंसाया। पीड़िता ने जब अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपी ने रकम लौटाने से इंकार कर दिया। इतना ही नहीं, उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। इससे डरी-सहमी महिला ने पुलिस की शरण ली और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, जांच जारी

थाना प्रभारी पनकी मनोज भदौरिया ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Updated on:
22 Mar 2026 11:49 pm
Published on:
22 Mar 2026 11:49 pm