कानपुर

Kanpur News:सपा विधायक के शिलान्यास को लेकर सियासी घमासान, पुलिस तैनात; डमरू बजाकर बोले- “बाबा भोलेनाथ करेंगे स्कूल का सपना पूरा”

Kanpur School Foundation Controversy:कानपुर के परमट स्कूल शिलान्यास विवाद में सियासी तनाव बढ़ा। सपा विधायक अमिताभ बाजपेयी के बयान और डमरू बजाने के वीडियो के बाद उनके आवास पर पुलिस तैनात की गई। वर्चुअल शिलान्यास और हवन-पूजन की घोषणा के बीच समर्थकों ने प्रदर्शन किया।

2 min read
May 15, 2026
कार्यकर्ताओं के साथ समाजवादी पार्टी के विधायक अमिताभ बाजपेई

कानपुर। परमट प्राथमिक विद्यालय के शिलान्यास कार्यक्रम को लेकर पिछले दो दिनों से सियासी माहौल गरमाया हुआ है। सपा विधायक अमिताभ बाजपेई द्वारा शिलान्यास के लिए लगाए गए बैनरों के बाद विवाद खड़ा हो गया। बुधवार को सपा विधायक और भाजपा नेता सुरेश अवस्थी के समर्थकों के बीच जमकर नारेबाजी हुई, जिससे तनाव बढ़ गया। आज शिलान्यास कार्यक्रम प्रस्तावित था, लेकिन पुलिस ने सपा विधायक को घर में नजरबंद कर दिया। इसके बाद सपा कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की और प्रशासन पर पक्षपात के आरोप लगाए है।

ये भी पढ़ें

पेट्रोल-डीजल ने मचाई तबाही! 3-3 रुपये की उछाल से जनता की जेब पर पड़ा भारी वार, महंगाई से हाहाकार

वीडियो वायरल होने के बाद विधायक आवास पर पुलिस तैनाती

गुरुवार को इस मामले से जुड़ा एक वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन अलर्ट हो गया। स्थिति को देखते हुए सपा विधायक के काकादेव स्थित आवास के बाहर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। सुरक्षा कारणों से इलाके में अतिरिक्त फोर्स भी लगाई गई है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति न पैदा हो। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले पर नजर रखी जा रही है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

डमरू बजाकर बोले विधायक- “बाबा भोलेनाथ पूरा करेंगे सपना”

सपा विधायक अमिताभ बाजपेई ने मीडिया से बातचीत के दौरान अनोखे अंदाज में अपनी बात रखी। उन्होंने डमरू बजाते हुए कहा कि बच्चों का सपना अधूरा है और उसे “बाबा भोलेनाथ पूरा करेंगे।”उन्होंने यह भी ऐलान किया कि जब तक स्कूल का निर्माण पूरा नहीं होगा, तब तक वे न तो जूता-चप्पल पहनेंगे और न ही ऊपर का वस्त्र धारण करेंगे। उन्होंने संविधान की कसम खाते हुए कहा कि स्कूल का निर्माण उसी स्थान पर होगा।

वर्चुअल शिलान्यास और 5 शिलाओं के पूजन की घोषणा

विधायक ने कहा कि वे हवन-पूजन के माध्यम से वर्चुअल शिलान्यास करेंगे और पांच शिलाओं का पूजन किया जाएगा। स्कूल निर्माण पूरा होने के बाद उन्हीं शिलाओं को विधिवत स्थापित किया जाएगा।उन्होंने यह भी कहा कि उनका किसी भी सांसद या अन्य जनप्रतिनिधि से कोई विवाद नहीं है। यदि सांसद शिलान्यास करना चाहते हैं तो वे स्वागत करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए सभी जनप्रतिनिधियों का सहयोग आवश्यक है।

कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, “अमिताभ तुम संघर्ष करो” के लगे नारे

इसी बीच काकादेव स्थित विधायक आवास के बाहर उनके समर्थक भी जुटे। कार्यकर्ताओं ने करीब 20 मिनट तक प्रदर्शन करते हुए “अमिताभ तुम संघर्ष करो, हम तुम्हारे साथ हैं” जैसे नारे लगाए।वही पुलिस के पहुंचने के बाद भीड़ धीरे-धीरे शांत हो गई और स्थिति सामान्य हो गई। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है।

Also Read
View All