
Kanpur Land Dispute:कानपुर के सचेण्डी थाना क्षेत्र के रामसिंह का पुरवा गांव में जमीन पर दीवार निर्माण को लेकर चचेरे भाइयों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट और पुलिस कार्रवाई तक पहुंच गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला करने, गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई तहरीर में अर्जुन कुमार ने बताया कि वह अपनी जमीन पर दीवार का निर्माण करा रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान उनके चचेरे भाई अरविंद, उमेश, विमल और रवि मौके पर पहुंचे और निर्माणाधीन दीवार को तोड़ दिया। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो सभी ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया।अर्जुन का आरोप है कि मारपीट में उन्हें और उनके भाइयों को चोटें आईं। शोर सुनकर बीच-बचाव के लिए पहुंचे रिश्तेदारों के साथ भी आरोपियों ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।
वहीं, दूसरे पक्ष के राजेश कुमार ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि उनके चाचा के बेटे अर्जुन, सुनील, सुभाष, लकी और चाचा रामऔतार जमीन पर दीवार बना रहे थे। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो सभी ने मिलकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। राजेश का आरोप है कि उनके साथ मारपीट की गई, गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकी भी दी गई।इस तरह दोनों पक्षों ने खुद को पीड़ित बताते हुए एक-दूसरे के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
सचेण्डी पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कुल नौ लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े सभी तथ्यों की जांच की जा रही है। मौके की परिस्थितियों, गवाहों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।