कानपुर

Kanpur में फिल्मी अंदाज में 50 लाख की चोरी, परिवार को कमरों में बंद कर जेवर-नकदी ले उड़े चोर

Kanpur theft case:कानपुर के सचेंडी में चोर छत के रास्ते घर में घुसे, सो रहे परिवार को कमरों में बाहर से बंद कर दिया और अलमारियों से करीब 50 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर व नकदी चोरी कर फरार हो गए। पुलिस जांच कर रही है।

2 min read
May 24, 2026

कानपुर के सचेंडी थाना क्षेत्र में शनिवार रात चोरों ने एक संयुक्त परिवार के घर में फिल्मी अंदाज में चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। कटरा घनश्याम की गढ़ी में रहने वाले परिवार के सदस्यों को कमरों में बाहर से बंद कर चोर करीब 50 लाख रुपये के जेवर, नकदी और कीमती सामान लेकर फरार हो गए। रविवार सुबह जब परिवार के लोग जागे और दरवाजे नहीं खुले तो घटना की जानकारी हुई। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई।

ये भी पढ़ें

Kanpur News:जिस ऑपरेटर पर था भरोसा, वही निकला मास्टरमाइंड, फैक्ट्री से उड़ाईं थी 10 लाख की रांगा सिल्ली, गिरफ्तार

छत के रास्ते घर में घुसे चोर

परिजनों के मुताबिक चोर घर के पीछे की दीवार फांदकर छत के रास्ते अंदर दाखिल हुए। इसके बाद उन्होंने उन कमरों की कुंडी बाहर से बंद कर दी, जिनमें परिवार के सदस्य सो रहे थे। चोरों ने बड़ी आसानी से पांच कमरों के ताले तोड़े और दो कमरों में रखी अलमारियों व लॉकर को निशाना बनाया।

बताया गया कि चोर करीब 22 तोला सोने के जेवर, डेढ़ किलो चांदी के आभूषण और करीब ढाई लाख रुपये नकद समेट ले गए। चोरी गए सामान की कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई जा रही है।

तीन परिवार एक साथ रहते हैं

कटरा घनश्याम की गढ़ी निवासी अमोल सिंह का परिवार संयुक्त रूप से एक ही मकान में रहता है। बड़े बेटे ज्ञानेंद्र का निधन हो चुका है। उनकी पत्नी और दो बेटे अखंड प्रताप व रघु प्रताप परिवार के साथ रहते हैं। अखंड प्रताप अंबेडकरनगर के टांडा में पुलिस विभाग में कांस्टेबल हैं।

दूसरे बेटे अधिवक्ता उपेंद्र सिंह पत्नी शशि, बेटे रुद्र और बेटी अन्वेषा के साथ रहते हैं। वहीं तीसरे बेटे गजेंद्र सिंह लकड़ी कारोबारी हैं और पत्नी मीनू, बेटे युवराज व बेटी आराध्या के साथ मकान में रहते हैं।

सुबह खुला चोरी का राज

शनिवार रात सभी लोग खाना खाने के बाद अपने-अपने कमरों में सो गए थे। सुबह जब लोग उठे तो कमरों की कुंडी बाहर से बंद मिली। उपेंद्र सिंह की बेटी अन्वेषा ने फोन कर रघु प्रताप को जानकारी दी। रघु दूसरे रास्ते से बाहर निकले और बाकी कमरों की कुंडी खोली। इसके बाद घर के अंदर का नजारा देखकर परिवार के होश उड़ गए। कमरे अस्त-व्यस्त पड़े थे और अलमारियों के लॉकर टूटे हुए थे।

पुलिस और फोरेंसिक टीम जांच में जुटी

घटना की सूचना पर सचेंडी पुलिस, फोरेंसिक टीम और एसीपी पनकी मनोज कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

Updated on:
24 May 2026 09:00 pm
Published on:
24 May 2026 08:55 pm
Also Read
View All