कानपुर

Kanpur News:चौकी में ‘न्याय’ के नाम पर बर्बरता! घरेलू विवाद में युवक की पिटाई, दरोगा सस्पेंड

Police brutality Kanpur:कानपुर के शास्त्रीनगर चौकी में घरेलू विवाद में बुलाए युवक की पुलिसकर्मियों ने कथित पिटाई कर दी, जिससे उसका कान का पर्दा फट गया। जांच में आरोप सही पाए जाने पर चौकी प्रभारी निलंबित, अन्य पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई जारी है।
2 min read
Mar 20, 2026
Feature image

कानपुर के शास्त्रीनगर पुलिस चौकी में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां घरेलू विवाद की शिकायत पर बुलाए गए युवक के साथ कथित तौर पर बर्बरता की गई। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने पूछताछ के नाम पर युवक को इतना पीटा कि उसका कान का पर्दा तक फट गया। इस घटना ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पीड़ित अभिषेक सिंह की मां मधुबाला के अनुसार, परिवार में बहू शिवांगी के साथ अक्सर मामूली बातों को लेकर विवाद होता था। अभिषेक अपनी डेढ़ साल की बेटी के साथ मां के पास सो गया था, जिससे नाराज होकर बहू पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज करा दी। इसी शिकायत के आधार पर अभिषेक को चौकी बुलाया गया।

दरोगाओं की पिटाई, जेल भेजने की धमकी भी

आरोप है कि जैसे ही अभिषेक ड्यूटी से लौटकर चौकी पहुंचा, वहां मौजूद चौकी प्रभारी पवन मिश्रा समेत अन्य दरोगाओं ने उसे घेर लिया। बिना किसी ठोस पूछताछ या जांच के, युवक की जमकर पिटाई शुरू कर दी गई।परिजनों का कहना है कि पिटाई के दौरान पुलिसकर्मियों ने उसे धमकाया भी कि अगर दोबारा शिकायत आई तो सीधे जेल भेज दिया जाएगा। यह सब कुछ चौकी के अंदर होता रहा और कोई सुनवाई नहीं हुई।देर रात तक जब अभिषेक घर नहीं लौटा, तो मां खुद चौकी पहुंचीं। वहां का नजारा देखकर वह दंग रह गईं—उनका बेटा दर्द से कराह रहा था। किसी तरह हाथ जोड़कर वह उसे घर ले आईं।

डॉक्टर की रिपोर्ट ने खोली पोल, कान का पर्दा फटा

घर पहुंचने के बाद जब अभिषेक की हालत देखी गई तो शरीर पर चोट के कई गहरे निशान साफ दिखाई दे रहे थे। सबसे ज्यादा चिंता की बात यह रही कि उसे सुनने में परेशानी हो रही थी।तुरंत निजी डॉक्टर को दिखाया गया, जहां जांच में सामने आया कि उसके कान का पर्दा फट चुका है। यह रिपोर्ट पूरे मामले में पुलिस की बर्बरता की पुष्टि करने वाली साबित हुई।

जांच में आरोप सही, चौकी प्रभारी सस्पेंड

मामले की शिकायत डीसीपी सेंट्रल अतुल श्रीवास्तव से की गई। उन्होंने तुरंत संज्ञान लेते हुए एसीपी स्वरूपनगर से जांच कराई। जांच में पीड़ित के आरोप सही पाए गए।इसके बाद चौकी प्रभारी पवन मिश्रा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही अन्य पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Updated on:
20 Mar 2026 01:01 pm
Published on:
20 Mar 2026 01:01 pm