कानपुर

‘रात भर पट्टे से मारा’, पुलिस से भिड़े सपा विधायक, बोले- कुर्सी पर कोई पुरुष बैठा होता तो दो-दो हाथ कर लिया होता

Kanpur News: कानपुर में चोरी के शक में हिरासत में लिए युवक को लेकर सपा विधायक अमिताभ बाजपेई ने पुलिस चौकी पर आठ घंटे धरना दिया। उन्होंने युवक को पट्टे से पीटने का आरोप लगाया, जिसके बाद एसीपी से बहस हुई।
2 min read
Sep 15, 2026
MLA Amitabh Bajpai
सपा विधायक अमिताभ बाजपेई (X Photo @ibne_zaidi)

Uttar Pradesh News:कानपुर में चोरी के शक में हिरासत में लिए गए युवक को लेकर सपा विधायक अमिताभ बाजपेई और पुलिस आमने-सामने आ गए। विधायक ने पुलिस पर युवक को रातभर पट्टे से पीटने और चोरी के मामले में फंसाने का आरोप लगाया। उन्होंने सिरकी मोहाल पुलिस चौकी के बाहर करीब 8 घंटे धरना दिया। इस दौरान एसीपी कोतवाली अमित कुमार पांडेय और विधायक के बीच तीखी बहस भी हुई। विधायक ने एसीपी से कहा कि ज्ञान मत दीजिए एसीपी साहब। पुलिस के युवक को छोड़ने के बाद ही धरना खत्म हुआ।

चोरी की शिकायत के बाद युवक हिरासत में

घुमनी बाजार निवासी राजेश अग्रवाल द्वारिकाधीश मंदिर में मैनेजर हैं। उनके मुताबिक, शनिवार रात उनके घर से 3.50 लाख रुपये नकद और डेढ़ किलो चांदी समेत करीब सात लाख रुपये का सामान चोरी हो गया था। उनकी पत्नी संगीता की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया।पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर इलाके के अमन अग्रवाल को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे सपा विधायक अमिताभ बाजपेई कार्यकर्ताओं के साथ सिरकी मोहाल पुलिस चौकी पहुंच गए और धरने पर बैठ गए।

महिला थानेदार से भी हुई बहस

सपा विधायक ने फीलखाना थाने की महिला थानेदार से अफसर को बुलाने के लिए कहा। रीना सिंह ने बताया कि उन्होंने फोन पर बात की है और अफसर आ रहे हैं। इस पर विधायक ने कहा कि अगर कुर्सी पर कोई पुरुष बैठा होता तो वह उससे दो-दो हाथ कर लेते।

पट्टे से पिटाई का विधायक ने लगाया आरोप

अमिताभ बाजपेई का आरोप है कि युवक को पुलिस ने पट्टे से पीटा। उन्होंने कहा कि जब वह अमन अग्रवाल के बारे में जानकारी लेने चौकी पहुंचे तो वहां उन्हें पट्टा मिला। विधायक ने बताया कि अमन ने पुलिस पर उसी पट्टे से पीटने का आरोप लगाया। अमिताभ ने बताया कि जब उन्होंने पुलिसकर्मियों से पिटाई की वजह पूछी तो चौकी प्रभारी ने कथित तौर पर कहा कि पांच हजार रुपये और दो चांदी के सिक्कों की बरामदगी दिखाकर उसे फंसा देते हैं। इसके बाद विधायक पांच हजार रुपये और दो चांदी के सिक्के लेकर धरने पर बैठ गए।

सुनिए एसीपी साहब ज्ञान मत दीजिए- विधायक

विधायक और एसीपी कोतवाली अमित कुमार पांडेय के बीच भी चौकी पर कहासुनी हुई। एसीपी ने कहा कि संदिग्ध से पूछताछ जांच का हिस्सा है। इस पर अमिताभ बाजपेई ने कहा कि सुनिए एसीपी साहब ज्ञान मत दीजिए, आपकी गश्त कमजोर है। चोरों से आपकी पुलिस मिली हुई है। पब्लिक के आदमी को आप रात भर लाकर थाने में पीटेंगे, आपको क्या एविडेंस मिला कि वो चोर था। आपने रात भर पट्‌टे से मारा, थाने क्यों नहीं ले गए।

पुलिस ने आरोपों को बताया गलत

पुलिस ने बताया कि संदिग्ध युवक को पूछताछ के लिए लाया गया था। उन्होंने कहा कि सपा विधायक युवक को जबरन छुड़ाने की मांग को लेकर धरना दे रहे थे। पुलिस के मुताबिक, युवक को शक के आधार पर पूछताछ के लिए लाया गया था। पुलिस पर मारपीट के लगाए गए आरोपों को एसीपी ने गलत बताया। उन्होंने कहा कि पर्याप्त सबूत न मिलने पर युवक को छोड़ दिया गया है।

Updated on:
15 Sept 2026 01:04 pm
Published on:
15 Sept 2026 01:04 pm