कानपुर

Kanpur News:विदेश भेजने के नाम पर छात्र से 1.5 लाख की ठगी, मुंबई पहुंचा तो एजेंट गायब, मुकदमा दर्ज

Kanpur Student Fraud:कानपुर के रावतपुर में छात्र अभिषेक से विदेश भेजने के नाम पर 1.5 लाख की ठगी हुई। आरोपी ने पासपोर्ट-वीजा के बहाने किस्तों में रकम ली।जब मुंबई में कोई नहीं मिला। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

2 min read
May 01, 2026
सांकेतिक फोटो

कानपुर के रावतपुर थाना क्षेत्र में विदेश भेजने का झांसा देकर एक छात्र से डेढ़ लाख रुपये की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने छात्र को विदेश में मोटी कमाई का सपना दिखाया और पासपोर्ट-वीजा के नाम पर किस्तों में रकम ऐंठ ली। मुंबई पहुंचने पर न तो कोई एजेंट मिला और न ही कोई कागजात, जिसके बाद पीड़ित को धोखाधड़ी का अहसास हुआ। पुलिस आयुक्त के आदेश पर रावतपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, रावतपुर गांव निवासी अभिषेक सिंह छात्र है। उसके पिता निजी कंपनी में नौकरी करते हैं, जबकि मां आशा बहू के पद पर कार्यरत हैं। अभिषेक ने पुलिस आयुक्त को दी शिकायत में बताया कि उसके मामा के मित्र फखरुद्दीन अंसारी, निवासी मस्वानपुर, ने उसे विदेश भेजने का भरोसा दिलाया। आरोपी ने कहा कि वह सभी कागजात तैयार करा देगा और विदेश में अच्छी नौकरी लगवा देगा। पूरे काम के लिए फखरुद्दीन ने डेढ़ लाख रुपये की मांग रखी।

ये भी पढ़ें

Kanpur News: मुगलरोड पार कर रहे युवक को अज्ञात वाहन ने रौंदा, मौके पर मौत

आरोपी के झांसे में आकर अभिषेक ने 15 नवंबर 2024 को पासपोर्ट बनवाने के नाम पर 15 हजार रुपये यूपीआई से ट्रांसफर किए। इसके बाद 17 मार्च 2025 को 50 हजार, 9 अप्रैल को 20 हजार और 10 अप्रैल को 15 हजार रुपये ऑनलाइन भेजे। 15 अप्रैल को वीजा लगवाने के नाम पर 30 हजार रुपये नकद भी दिए। इसके अलावा मुंबई जाने के लिए टिकट के नाम पर 1500 रुपये अलग से वसूले गए।

अभिषेक 21 अप्रैल को ट्रेन से मुंबई पहुंचा। वहां फखरुद्दीन द्वारा बताए गए व्यक्ति से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन न तो कोई व्यक्ति मिला और न ही कोई कागजात। इसी बीच आरोपी का मोबाइल भी स्विच ऑफ हो गया। ठगी का अहसास होने पर अभिषेक वापस कानपुर लौट आया। घर लौटकर जब उसने फखरुद्दीन से रकम वापस मांगी तो उसने साफ इनकार कर दिया और धमकी देने लगा। परेशान होकर अभिषेक ने पूरे मामले की शिकायत पुलिस आयुक्त से की। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर रावतपुर थाने में फखरुद्दीन अंसारी के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

इस संबंध में थाना प्रभारी रावतपुर कमलेश राय ने बताया कि पीड़ित छात्र की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Updated on:
01 May 2026 04:57 pm
Published on:
01 May 2026 04:54 pm
Also Read
View All