
लखनऊ अग्निकांड के बाद KDA ने कोचिंग सेंटर्स के खिलाफ कार्रवाई की (फोटो- पत्रिका)
Kanpur Coaching Centers Sealed: कोचिंग संस्थानों पर चली केडीए की कार्रवाई ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। एक ओर कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) नियमों के उल्लंघन का हवाला देते हुए कोचिंग सेंटरों को सील कर रहा है। वहीं दूसरी ओर कुछ संचालकों ने अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सबसे ज्यादा चर्चा उस बयान की हो रही है, जिसमें एक कोचिंग संस्थान के संचालकों ने दावा किया कि अधिकारियों ने उनसे कहा- आज सील करा लो, कल खुलवा देंगे।
लखनऊ के अलीगंज में हुए भीषण अग्निकांड के बाद प्रदेशभर में कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच शुरू हुई है। इसी क्रम में सोमवार को कानपुर में भी बड़े पैमाने पर अभियान चलाया गया। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में संचालित कोचिंग सेंटरों का निरीक्षण किया गया और मानकों पर खरे नहीं उतरने वाले संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
केडीए की टीम ने 4 जोनों में एक साथ कार्रवाई की। जोन-1ए में तीन, जोन-2बी में पांच, जोन-3 में तीन और जोन-4 में पांच कोचिंग सेंटरों को सील किया गया। इस तरह कुल 16 संस्थानों पर ताला लगा दिया गया। इसके अलावा 22 अन्य कोचिंग सेंटरों को भी चिन्हित किया गया है, जहां दस्तावेजों और सुरक्षा मानकों की जांच की जा रही है।कार्रवाई के दौरान कई संस्थानों से भवन मानचित्र, अग्निशमन सुरक्षा प्रमाणपत्र, पार्किंग व्यवस्था और अन्य आवश्यक अनुमतियों से जुड़े दस्तावेज मांगे गए। जिन संस्थानों में कमियां मिलीं, उनके खिलाफ तत्काल कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के बाद कुछ कोचिंग संचालकों ने केडीए की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि उनके पास सभी जरूरी दस्तावेज मौजूद हैं, फिर भी सीलिंग की कार्रवाई की गई। ऐलन कोचिंग के संचालकों ने आरोप लगाया कि अधिकारियों ने उनसे कहा कि अभी सीलिंग करा लो, बाद में खुलवा दी जाएगी। इस दावे के बाद कार्रवाई को लेकर बहस तेज हो गई है।
केडीए सचिव अभय पांडे ने साफ कहा कि कई कोचिंग सेंटर निर्धारित मानकों का पालन नहीं कर रहे हैं। छात्रों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जा सकता। उन्होंने बताया कि अभियान अभी जारी रहेगा और चिन्हित संस्थानों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई होगी।
Published on:
23 Jun 2026 05:22 pm
बड़ी खबरें
View Allकानपुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
