
दुष्कर्म के प्रयास और मारपीट की शिकायत दर्ज कराने के लिए थाने पहुंची पीड़ित महिला - फोटो - पत्रिका
Kanpur Dehat Crime News: कानपुर देहातमें एक धार्मिक अनुष्ठान की आड़ में महिला के साथ दुष्कर्मके प्रयास का मामला सामने आया है। औरैया की रहने वाली एक महिला ने एक तांत्रिकऔर उसके सहयोगियों पर पूजा-पाठ के बहाने बुलाकर अश्लील हरकतें करने, दुष्कर्म का प्रयास करने, मारपीट करने और जान से मारने की कोशिश का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर तांत्रिक सहित 10 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसके पति राजस्थान के कोटा में बेल्डिंग का काम करते हैं। वह अपने पांच वर्षीय बेटे के साथ औरैया जिले के फफूंद कस्बे में रहती है।आरोप है कि 5 जून को उसके देवर ने फोन कर बताया कि घर पर एक पहुंचे हुए तांत्रिक आने वाले हैं और विशेष पूजा-पाठ का आयोजन है। इस पर वह अपने बेटे के साथ ससुराल पहुंच गई।
महिला के मुताबिक अगले दिन सुबह हरिओम यादव नामक तांत्रिक अपने कुछ साथियों के साथ घर आया और पूजा-पाठ किया। इस दौरान उसने महिला से कहा कि उसके ऊपर काली शक्तियों और बुरी छायाओं का प्रभाव है,जिसे विशेष अनुष्ठान से ही दूर किया जा सकता है। आरोप है कि इसी बहाने उससे 40 हजार रुपये ले लिए गए। बाद में उसे कानपुर देहात के हरिधाम सरकार, चैन का पुरवा बुलाकर विशेष पूजा कराने की बात कही गई।
पीड़िता का आरोप है कि 15 जून को वह अपने देवरों के साथ हरिधाम पहुंची। वहां हरिओम यादव ने पूजा कराने के बहाने उसे एक अलग कमरे में बुलाया। महिला का कहना है कि कमरे में ले जाकर आरोपी ने उसके साथ अश्लील हरकतें शुरू कर दीं और दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध करने पर वहां मौजूद अन्य लोगों ने भी उसके साथ मारपीट की।
महिला ने आरोप लगाया कि उसके देवरों ने उसके हाथ पकड़ लिए, जबकि दीपक यादव और हरिओम यादव ने उसका गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की। किसी तरह वह आरोपियों के चंगुल से निकलकर वहां से भागने में सफल रही। घटना के बाद वह काफी डरी और सहमी हुई थी।जिसके बाद वह पहले भोगनीपुर थाने पहुंची,जहां उसका मेडिकल परीक्षण पुखरायां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया। इसके बाद उसने देवराहट थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी।
पुलिस के अनुसार महिला की शिकायत के आधार पर हरिओम यादव,कुंदन,दीपक, रामवीर, सुखवीर समेत 5 अज्ञात अन्य आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Updated on:
19 Jun 2026 02:07 pm
Published on:
19 Jun 2026 02:07 pm
