कानपुर

कानपुर में 41.7 डिग्री तापमान की उमस झेल रहे लोगों के लिए राहत की खबर, जल्द दस्तक दे सकता है मानसून

Monsoon 2026 Update: कानपुर में गर्मी और उमस से लोग बेहाल हैं। अधिकतम तापमान 41.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, 29 जून से मानसून सक्रिय हो सकता है। बारिश शुरू होने के बाद तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी व उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।
2 min read
Jun 27, 2026
Weather, Heatwave Alert UP, Kanpur Mandal Weather
सांकेतिक फोटो

Kanpur Weather Update: कानपुर समेत पूरे मध्य गंगा क्षेत्र में लोगों को अभी गर्मी और उमस से राहत का इंतजार करना पड़ सकता है। हालांकि, मौसम में बदलाव के संकेत मिलने लगे हैं और आसमान में बादलों की आवाजाही बढ़ी है, लेकिन चिपचिपी गर्मी का असर अब भी बरकरार है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 29 जून से मानसून सक्रिय हो सकता है, जिसके बाद बारिश का दौर शुरू होने और तापमान में गिरावट आने की संभावना है।

तापमान में मामूली बदलाव की संभावना

चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, शनिवार को अधिकतम तापमान 41.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। वहीं, न्यूनतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस रहा।दिनभर बादलों की आवाजाही के बावजूद लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा। तेज धूप और वातावरण में मौजूद नमी के कारण लोगों को घरों और कार्यालयों में भी बेचैनी महसूस हुई। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल वातावरण में नमी बढ़ने के कारण उमस और अधिक महसूस हो सकती है।

अगले 48 घंटे में सक्रिय हो सकता है मानसून

मौसम विभाग के मुताबिक मानसून की उत्तरी सीमा लगातार आगे बढ़ रही है। वर्तमान में मानसून मध्य भारत के कई हिस्सों तक पहुंच चुका है और अगले 48 घंटे में इसके पूर्वी उत्तर प्रदेश में सक्रिय होने की संभावना है। यदि मौसमीय परिस्थितियां अनुकूल रहीं तो 29 जून तक कानपुर समेत आसपास के जिलों में मानसून की दस्तक हो सकती है।विशेषज्ञों का मानना है कि बंगाल की खाड़ी से आने वाली नम हवाएं और बदलती मौसमीय परिस्थितियां मानसून को आगे बढ़ाने में मदद कर रही हैं। इसी वजह से आगामी दिनों में बादल छाने और बारिश होने की संभावना बढ़ गई है।

बारिश के साथ मिलेगी बड़ी राहत

मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों का कहना है कि मानसून सक्रिय होने के बाद वर्षा की गतिविधियां तेज होंगी। बारिश शुरू होते ही अधिकतम तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी व उमस से राहत मिलने लगेगी। किसानों के लिए भी यह मौसम महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि मानसून की बारिश खरीफ फसलों की बुवाई के लिए बेहद जरूरी है।

फिलहाल कानपुरवासियों को कुछ दिन और गर्मी और उमस का सामना करना पड़ सकता है, लेकिन मौसम विभाग के पूर्वानुमान ने जल्द राहत मिलने की उम्मीद जरूर जगा दी है। 29 जून के बाद मौसम का मिजाज बदलने के आसार हैं और लंबे इंतजार के बाद मानसून शहर में दस्तक दे सकता है।