Kanpur News; महाराजपुर में बीमारी के इलाज पर बढ़ते खर्च, आर्थिक तंगी और नशे की लत से परेशान युवक ने मानसिक दबाव में आकर गंगा नदी में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली।
Kanpur News: कानपुर के महाराजपुर थाना क्षेत्र में बीमारी, लगातार बढ़ते इलाज खर्च और नशे की लत से जूझ रहे एक युवक ने आखिरकार हार मान गंगा नदी में छलांग लगा दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद युवक के शव को बाहर निकाल और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
महाराजपुर के कमालपुर गांव निवासी 35 वर्षीय गोविंद ने गंगा नदी में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना ने परिवार ही नहीं, पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बगहा गांव के पास गंगा नदी के किनारे टहलता दिखा। कुछ ही पलों में वह अचानक नदी में कूद गया। आसपास मौजूद लोग जब तक कुछ समझ पाते, वह गहरे पानी में समा चुका था। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद युवक को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।
परिजनों ने बताया कि मृतक लंबे समय से गंभीर बीमारी से पीड़ित था। इलाज पर लगातार रुपये खर्च हो रहे थे, जिससे परिवार आर्थिक संकट में आ गया था। उधारी बढ़ती जा रही थी और आमदनी के साधन सीमित होते जा रहे थे। इसी आर्थिक दबाव के बीच युवक नशे की लत से भी बाहर नहीं निकल पा रहा था। परिजन बताते हैं कि उसने कई बार नशा छोड़ने की कोशिश की, लेकिन असफल रहा, जिससे उसकी मानसिक स्थिति और कमजोर होती चली गई।बीमारी, पैसे की तंगी और नशे की दोहरी मार ने उसे भीतर से तोड़ दिया था। परिवार में पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं, जिनकी जिम्मेदारी का बोझ भी उसे लगातार कचोट रहा था। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
महाराजपुर थाना प्रभारी के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में आत्महत्या का मामला सामने आया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस आर्थिक स्थिति, इलाज से जुड़े दस्तावेज और अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है, ताकि घटना के पीछे के सभी कारणों की स्पष्ट तस्वीर सामने आ सके।