
कानपुर में नौबस्ता बाईपास फ्लाईओवर पर सोमवार सुबह हादसा हो गया। पुलिसकर्मियों से भरी बस ट्रक को ओवरटेक करते वक्त उससे टकराकर पलट गई। हादसे में पुलिसकर्मियों समेत 26 घायल हो गए। जिसमें चार घायलों को अधिक चोटें आई हैं। नौबस्ता इंसपेक्टर अमित कुमार भड़ाना ने कहा कि बस में 45 पुलिसकर्मी सवार थे। पुलिस अमरोहा जनपद की है। फिरोजाबाद में रविवार को तीसरे चरण का मतदान कराने के बाद यह सभी पुलिसकर्मी चौथे चरण के मतदान के लिए उन्नाव जाने को रवाना हुए थे।
यह है मामला
सोमवार तड़के नौबस्ता बाईपास फ्लाईओवर पर ट्रक को ओवरटेक करते समय बस की एक साइड उससे टकरा गई। चालक बस को नियंत्रित नहीं कर सका और बस पलट गई। सभी 45 घायलों को हैलट में भर्ती कराया गया। जिसमें से सिपाही जसवीर और तीन फॉलोवर विक्रम, सतीश और पप्पू को अधिक चोटें आई हैं। डॉक्टरों ने चारों की हालत गंभीर बताई है। बाकी पुलिसकर्मियों को प्राथमिक उपचार देने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
बता दें कि उत्तर प्रदेश में तीसरे चरण का मतदान पूरा हो चुका है। अब 23 फरवरी को चौथे चरण का मतदान होना है। इस ऱण में लखनऊ सहित अवध की कुछ सीटें अहम मानी जा रही हैं। चौथे चरण में 9 जिलों की 60 सीटों पर 23 फरवरी को मतदान होना है। इस चरण में कुल 624 उम्मीदवार मैदान में हैं।