कानपुर

Kanpur News:शटर कटा, लाखों की साड़ियां गायब… पुलिस ने ऐसे खोला चोरी का राज

Kanpur Saree Shop Theft: बादशाहीनाका क्षेत्र में साड़ी की दुकान का शटर काटकर हुई करीब 7.5 लाख की चोरी का पुलिस ने खुलासा किया। मुख्य आरोपी समेत तीन लोग गिरफ्तार हुए। नकदी, साड़ियां और वारदात में प्रयुक्त औजार बरामद किए गए। मामले की जांच जारी है।
2 min read
Mar 10, 2026
Feature image

कानपुर। बादशाहीनाका थाना क्षेत्र में साड़ी की दुकान का शटर काटकर लाखों की चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से नकदी और चोरी की साड़ियां भी बरामद की गई हैं।

7.50 लाख नकद और साड़ियों के बंडल चोरी

पुलिस के मुताबिक बादशाहीनाका क्षेत्र में स्थित एक साड़ी की दुकान का शटर काटकर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था। इस मामले में दुकान मालिक विनोद कुमार की तहरीर पर थाना बादशाहीनाका में मुकदमा दर्ज किया गया। शिकायत में करीब 7.50 लाख रुपये नकद और साड़ियों के कई बंडल चोरी होने की बात कही गई थी।

सीसीटीवी और सर्विलांस से आरोपी तक पहुंची पुलिस

घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और डिजिटल सर्विलांस की मदद ली। जांच के दौरान मुख्य आरोपी हम्वीर की पहचान हुई, जिसे 23 दिसंबर 2025 को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से चोरी में प्रयुक्त औजार, 41 हजार रुपये नकद और अन्य सामग्री बरामद की गई।

ससुर, साला समेत परिवार के लोगों की भी मिली संलिप्तता

पूछताछ में आरोपी ने अपने ससुर महेश, साला सचिन, सास सुनीता और पत्नी बेबी की भी घटना में संलिप्तता बताई। इसके बाद पुलिस टीम ने 31 जनवरी 2026 को फर्रुखाबाद जिले के कायमगंज थाना क्षेत्र से महेश और सचिन को गिरफ्तार किया। उनके पास से 46,500 रुपये नकद और कुछ साड़ियां बरामद हुईं।

जांच एसीपी स्तर के अधिकारी से कराई जा रही

गिरफ्तार आरोपियों का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार मेडिकल परीक्षण में किसी प्रकार की चोट नहीं पाई गई। पुलिस उपायुक्त पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि मामले में लगाए गए आरोप प्रथम दृष्टया मिथ्या प्रतीत हो रहे हैं, फिर भी एसीपी स्तर के अधिकारी से मामले की जांच कराई जा रही है। जांच पूरी होने के बाद तथ्यात्मक जानकारी साझा की जाएगी।

Updated on:
10 Mar 2026 03:57 pm
Published on:
10 Mar 2026 03:54 pm