समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम ने गुजरात चुनाव में भाजपा की जीत पर उठाए सवाल, कहा- सिकंदरा उपचुनाव में हो बैलेट का इस्तेमाल
विनोद निगम
कानपुर. 'Gujarat Elections 2017 में भाजपा जनता के बल पर नहीं, बल्कि ईवीएम के जरिए जीत रही है। देश-प्रदेश की जनता को अब ईवीएम पर विश्वास नहीं रहा।' पत्रिका उत्तर प्रदेश की टीम से खास बातचीत के दौरान समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम ने ये बातें कहीं। उन्होंने कहा कि हम भी गुजरात गए और वहां के लोग भाजपा से नाराज चल रहे थे, लेकिन परिणाम (Gujarat Assembly Election Results 2017) इनके पक्ष में आने के बाद अब इवीएम पर आशंका बढ़ गई है। कानपुर देहात की सिकंदरा विधानसभा सीट पर उपचुनाव में भी बैलेट के जरिए मतदान की बात कहते हुए सपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सिकंदरा में अगर बैलेट के जरिए चुनाव न हुए तो सपाई आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
जहां बैलेट से हुआ मतदान, वहां हारी भाजपा
गुजरात में विधानसभा चुनाव परिणाम ( Gujarat Election Results 2017) आने के बाद विरोधी दलों के नेताओं के बयान भी आने लगे हैं। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम ने भी ईवीएम पर सवालिया निशान लगते हुए कहा कि गुजरात की कई ऐसी विधानसभा थी, जहां कांग्रेस मजबूत थी, लेकिन वहां भी भाजपा आगे चल रही है। इससे अब यह कहा जा सकता है कि ईवीएम में कुछ गड़बड़ है और इसी के चलते हमने सिकंदरा विधानसभा उपचुनाव में बैलेट पेपर के जरिए मतदान कराए जाने की मांग की है। नरेश उत्तम ने एक तर्क देते हुए बताया कि निकाय चुनाव में जहां बैलेट के जरिए मतदान हुआ, वहां भाजपा बुरी तरह से हारी। कानपुर नगर निगम में तो कमल खिला, लेकिन घाटमपुर, बिल्हौर और शिवराजपुर के साथ ही बुंदेलखंड की अधिकतरी नगर पालिका और नगर पंचायत में भाजपा हारी।
सिकंदरा सीट सपा जीत रही
नरेश उत्तम ने कहा कि हम सिकंदरा विधानसभा सीट के दर्जनों गांवों का भ्रमण कर आए हैं और वहां साइकिल दौड़ रही है, लेकिन हमें ईवीएम का डर है। इसलिए यहां मतदान बैलेट के जरिए मतदान हो। नरेश उत्तम ने बताया कि सीएम योगी आदित्यनाथ सहित पूरी भाजपा सिकंदरा में कई ढेरा जमाए हुए है। लेकिन सपा अपने कैडर और वोटर्स के दम पर चुनाव जरूर जीतेंगे। साइकिल को रफ्तार देने के लिए प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम ने विधानसभा अध्यक्षों की इस क्षेत्र में ड्यूटी लगाई है। पद्रेश अध्यक्ष ने बताया कि पार्टी की तरफ से घाटमपुर से शिव सिंह पाल, महाराजपुर से समर सिंह यादव, कल्याणपुर से अब्दुल वासिद सिद्दीकी को वहां भेजा गया है और से नेता भाजपा को पटखनी देने के लिए जाकर व्यूह रचना तैयार कर रहे हैं।
सिकंदरा में एक टीम कर रही काम
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम ने बताया कि नगर ग्रामीण इकाई के जरिए सभी जिला पदाधिकारियों के अलावा विधानसभा क्षेत्र और मंडल स्तर के पदाधिकारियों को बूथ एजेंट नियुक्त करने को कहा गया है। साथ ही सिकंदरा सीट अपने हिस्से में करने के लिए पार्टी ने विधानसभा क्षेत्र अध्यक्षों की नई टीम बनाई है, जो इस क्षेत्र में प्रचार कर रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि वे रोजाना सिकंदरा क्षेत्र में अपने प्रचार की रणनीति बनाएंगे, दिनभर उन्होंने क्या-क्या किया इसकी भी जानकारी जिलाध्यक्ष के माध्यम से उन्हें भेजेंगे। इसके अलावा दो जिला सचिवों राम सजीवन यादव और विपिन सचान को भी जिम्मेदारी दी गई है। प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि सिकंदरा उप चुनाव में पार्टी जीत के करीब चल रही है। इसलिए पदाधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर दी गई है। जिससे जीत आसन हो सके।
भितरघातियों पर सिकंदरा के बाद कार्रवाई
सपा प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि नगर निकाय चुनाव में जिन कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने पार्टी के विरोध में जाकर चुनाव लड़ा या प्रचार किया उनकी सूची तैयार हो गई है। सिकंदरा चुनाव के बाद इन पर कड़ी कार्रवाई कर पार्टी से बाहर किया जाएगा। नरेश उत्तम ने पूर्व मंत्री शिवपाल के सिंकदरा में चुनाव प्रयार नहीं करने के सवाल पर कहा कि वहां हमारे कार्यकर्ता लगे हैं और अगर जरूरत पड़ी तो पूर्व मंत्री जरूर प्रचार करने के लिए जाएंगे। घर पर कोई रार नहीं है। हमसब एक हैं और 2019 के लोकसभा चुनाव के लिए जुट गए हैं। आने वाले वक्त पर पूर्व मंत्री शिवपाल यादव पार्टी को जीत दिलवाने के लिए दिखेंगे।