कानपुर

तो अभी 15 नवंबर तक ‘नाले’ को है इजाजत ‘गंगा’ से मिलने की

गंगा को मैला करने वाले सबसे बड़े नाले सीसामऊ नाला को पूरी तरह से टैप करने के लिए 15 नवंबर तक का समय लगेगा. पिछले दिनों नाले को टैप करने की संभावना है. सीसामऊ नाला को डायवर्ट करने के लिए भैरोंघाट चौराहे पर पंपिंग स्टेशन बनाया गया है.
2 min read
• •
Updated: 4 Nov 2018, 12:32 PM IST
Kanpur
तो अभी 15 नवंबर तक ‘नाले’ को है इजाजत ‘गंगा’ से मिलने की

कानपुर। गंगा को मैला करने वाले सबसे बड़े नाले सीसामऊ नाला को पूरी तरह से टैप करने के लिए 15 नवंबर तक का समय लगेगा. पिछले दिनों नाले को टैप करने की संभावना है. सीसामऊ नाला को डायवर्ट करने के लिए भैरोंघाट चौराहे पर पंपिंग स्टेशन बनाया गया है. इसमें 6 मोटर लगाई गई हैं. 4 मोटर चलने के बाद ही सीसामऊ नाला पूरी तरह से टैप हो पाएगा. वहीं 2 मोटर को स्टैंडबाई के लिए रखा गया है.

इतना सीवेज गिर रहा है गंगा में
आपको बता दें कि मौजूदा समय में नाले से 60 एमएलडी सीवेज गंगा में गिर रहा है. सीसामऊ नाले को 31 अक्टूबर तक टैप किया जाना था, लेकिन अभी तक यह कार्य पूरा नहीं किया जा सका है. जल निगम ने म्योर मिल नाले को गंगा में गिरने से पिछले दिनों ही टैप कर दिया था, लेकिन मोटर खराब होने से म्योर मिल नाला फिर गंगा में गिरना शुरू हो गया है.

मोटर बदलने के लिए कहा
वहीं अब जल निगम ने जलकल को इसकी मोटर बदलने के लिए कहा है. वहीं जलकल के एक्सईएन राजीव भटनागर ने इस संबंध में बताया कि मोटर बदलने का सवाल ही नहीं पैदा होता. उसे ठीक करा दिया जाएगा. इस नाले के जरिए रोजाना गंगा में 3 करोड़ लीटर से अधिक का सीवेज सीधे गंगा में गिरता है. इसे टैप करने के लिए फ्राइडे को भी टेस्टिंग नहीं की जा सकी. जल निगम के अधिकारियों के मुताबिक अभी राइजिंग मेन लाइन का कार्य बाकी है. चेंबर को अभी तक लाइन से जोड़ा नहीं जा सका है. वहीं नवाबगंज नाले को टैप कर दिया गया है.

ऐसा बताया जीएम ने
इस बारे में जल निगम के जीएम आरके अग्रवाल कहते हैं कि सीसामऊ और डबका नाला को टैप करने के लिए आज टेस्टिंग की जाएगी. सीसामऊ नाले को पूरी तरह से 15 नवंबर तक टैप किया जा सकेगा. धीरे-धीरे ही नाले को टैप किया जा सकेगा. जल्‍दबाजी करने से काम बनने के बजाए बिगड़ भी सकते हैं. इस वजह से इंतजार करना तो लाज़मी है.

Published on: