
Rajasthan : हिण्डौनसिटी. खेतों में सरसों की फसल पीले फूलों से लहलहा रही है, वहीं कृषि उपज मंडी में इसके भाव भी नई ऊंचाइयां छू रहे है। त्योहारों के बाद सावों के सीजन में तेल मिलों की बढ़ी मांग से सरसों की कीमतों में तेजी बनी हुई है। शनिवार को जिले की 'ए' श्रेणी की कृषि उपज मंडी में 42 ऑयल कंडीशन सरसों के भाव 10 हजार 301 रुपए प्रति क्विटल तक पहुंच गए। इससे सरसों तेल के खुदरा भाव 220 रुपए प्रति किलो पहुंचने से आमजन की रसोई का बजट प्रभावित हो रहा है। मंडी में इन दिनों प्रतिदिन सरसों की आवक सिमट का करीब एक हजार कट्टे रह गई है। नई फसल आने में अभी करीब ढाई माह का समय है, ऐसे में भावों में तेजी बने रहने की संभावना है।
व्यापारियों के अनुसार इस वर्ष फरवरी में नई सरसों की आवक शुरू होने के साथ ही कीमतों में तेजी आने लगी थी। पूर्वी राजस्थान में पिछले वर्षों की तुलना में कम उत्पादन और वैश्विक कारणों से अन्य खाद्य तेलों की आवक प्रभावित होने के चलते बंपर आवक के बावजूद सरसों के भाव सात हजार रुपए प्रति क्विटल से ऊपर बने रहे।
सितंबर में कोटा और मध्यप्रदेश की मंडियों में सोयाबीन की नई फसल आने से भावों में कुछ गिरावट आई, लेकिन त्योहारी मांग बढ़ने के साथ फिर तेजी आ गई। कोविड काल में जुलाई 2021 में सरसों के 8,460 रुपए प्रति क्विटल रहे भाव रिकॉर्ड माने जाते थे, जिन्हें इस बार पीछे छोड़ दिया है। इस वर्ष मंडी में भाव 6,200 रुपए प्रति क्विटल के न्यूनतम समर्थन मूल्य से ऊपर रहे। व्यापारियों के अनुसार सरकारी खरीद नहीं होने से नैफेड के पास पर्याप्त स्टॉक नहीं है और बाजार में सरकारी हस्तक्षेप भी नहीं हो पा रहा है।
सरसों के भाव बढने का असर खुदरा बाजार पर भी पड़ा है। रीको क्षेत्र के तेल मिल संचालक मुकेश बंसल और इंद्रेश गोयल के अनुसार सरसों तेल के भावों में 25 से 40 रुपए प्रति किलो तक की तेजी आई है। किराना दुकानदार पवन कुमार गुप्ता ने बताया कि नवरात्र के दौरान सरसों तेल करीब 175 रुपए प्रति किलो था, जो अब 220 रुपए तक पहुंच गया है। कटरा बाजार के विक्रेता विजय कुमार गुप्ता के अनुसार लूज तेल महंगा होने से कम मात्रा में खरीदारी करने वाले ग्राहकों पर अधिक असर पड़ रहा है।
सरसों के भाव दस हजार रुपए के पार पहुंचने का लाभ अधिकांश किसानों को नहीं मिल पा रहा है। जिले के ज्यादातर किसान सीजन के दौरान ही अपनी उपज बेच चुके हैं। ऐसे में घरों और गोदामों में सरसों का स्टॉक नाममात्र का बचा है। मंडी में पिछले डेढ़ माह से प्रतिदिन एक हजार कट्टे सरसों है, जबकि मार्च में नई फसल के सीजन के दौरान आवक 35 से 40 हजार कट्टे प्रतिदिन तक पहुंच जाती है।
मंडी में सरसों के भाव
दिनांक - क्विटल भाव प्रति
16 नवम्बर - 9330
17 नवम्बर - 9550
18 नवम्बर - 9630
19 नवम्बर - 9700
20 नवम्बर - 9850
21 नवम्बर - 10301।
मंडी में सरसों के भाव अब तक के सर्वोच्च स्तर पर हैं। आमतौर पर सरकार न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी गई सरसों का स्टॉक बाजार में जारी कर भाव नियंत्रित करती थी, लेकिन इस बार ऊंचे भावों के चलते नैफेड खरीद नहीं कर सकी। नई फसल आने में अभी करीब ढाई माह का समय शेष है।
सौरभ बंसल, महामंत्री, कृषि उपज मंडी व्यापार मंडल, हिण्डौनसिटी