करौली

करौली में दर्दनाक हादसा; सरकारी शिक्षिका की मौत, बेटे की हालत गंभीर, स्कूल से लौट रही थी घर

करौली के गंगापुर-करौली सड़क मार्ग पर गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में सरकारी शिक्षिका की मौत हो गई, जबकि उनका 17 वर्षीय पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया।

2 min read
Apr 23, 2026
Feature image
हादसे में शिक्षिका की मौत। फोटो पत्रिका नेटवर्क

Karauli Road Accident : कुडगांव (करौली)। गंगापुर-करौली सड़क मार्ग पर गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में सरकारी शिक्षिका की मौत हो गई, जबकि उनका 17 वर्षीय पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया और सड़क पर जाम लग गया, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सुचारु कराया।

पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान आशा मीणा (42) पत्नी श्रीमोहन मीणा के रूप में हुई है, जो मूल रूप से भड़क्या गांव की निवासी थीं और वर्तमान में गंगापुर सिटी में रह रही थीं। वे गांव रुंडी स्थित विद्यालय में शिक्षिका के पद पर कार्यरत थीं। गुरुवार को स्कूल की छुट्टी के बाद वे अपने 17 वर्षीय पुत्र कौशिक के साथ स्कूटी से गंगापुर सिटी लौट रही थीं।

तेज रफ्तार कार ने स्कूटी को मारी टक्कर

इसी दौरान सलेमपुर गांव के पास धर्म कांटे के सामने एक तेज रफ्तार कार ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

उपचार के दौरान शिक्षिका ने तोड़ा दम

सूचना पर सलेमपुर चौकी इंचार्ज जितेंद्र कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को तुरंत गंगापुर अस्पताल पहुंचाया। वहां उपचार के दौरान शिक्षिका आशा मीणा ने दम तोड़ दिया। वहीं उनके पुत्र कौशिक के पैर में फ्रैक्चर सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए जयपुर रेफर किया गया है।

हादसे के बाद सड़क पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया और जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को व्यवस्थित किया और आवागमन सुचारु कराया।

परिवार में छाया मातम

चौकी इंचार्ज जितेंद्र कुमार ने बताया कि फिलहाल इस मामले में कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और कार चालक की तलाश की जा रही है। घटना के बाद मृतका के परिवार में शोक की लहर छा गई है।

Published on:
23 Apr 2026 06:25 pm