23 अप्रैल 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Kota Crime: शादी से पहले युवक की पीट-पीटकर हत्या, मंगेतर को पुलिस ने उठाया, दुल्हन को नहीं पसंद था दूल्हा

Kota Youth Murder: कोटा से युवक की शादी से पहले हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दौलतपुरा निवासी युवक की 1 मई को शादी होनी थी, उससे पहले ही उसकी हत्या हो गई।

2 min read
Google source verification

कोटा

image

Kamal Mishra

Apr 23, 2026

Kota murder

मृतक धर्मेंद्र (फोटो-पत्रिका नेटवर्क)

कोटा। इटावा थाना क्षेत्र में मारपीट में गंभीर घायल दौलतपुरा निवासी युवक की गुरुवार को उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक धर्मेंद्र सेन की 1 मई को शादी होने वाली थी। बुधवार को बाइक से जलेश्वर महादेव गोणदी से लौटते समय रास्ते में अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया था। गंभीर हालत में युवक को कोटा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां उसने दम तोड़ दिया।

मौत के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मंगेतर, उसके भाई सहित नामजद आरोपितों को डिटेन कर लिया है। सीआइ अजीत सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

मौत के बाद बढ़ाई गई धाराएं

पुलिस ने बताया कि घटना के बाद शुरू में पुलिस ने मारपीट का मामला दर्ज किया था, लेकिन युवक की मौत के बाद धाराएं बढ़ाकर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने मंगेतर दीक्षा, उसके भाई हेमंत और अन्य के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उन्हें डिटेन कर लिया है। सभी से पूछताछ जारी है और पुलिस साक्ष्य जुटाने में लगी है।

परिजनों ने लगाया साजिश का आरोप

मृतक के पिता प्रभुलाल का आरोप है कि यह हमला अचानक नहीं बल्कि सोची-समझी साजिश के तहत किया गया। उनका कहना है कि धर्मेंद्र को बुलाकर रास्ते में घेरकर हमला कराया गया। साथ मौजूद साले को कोई चोट नहीं आई, जिससे परिजनों को घटना में मिलीभगत का शक है।

स्टेट हाईवे जाम, गिरफ्तारी की मांग

युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने कोलाना के पास स्टेट हाईवे-70 पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया और आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। सूचना पर डीएसपी ओमप्रकाश सरावगी मौके पर पहुंचे और समझाइश कर जाम खुलवाया।

मंगेतर को नहीं पसंद था दूल्हा

इस मामले में एक चौंकाने वाला पहलू यह भी सामने आया है कि युवक की मंगेतर को यह रिश्ता पसंद नहीं था। पुलिस इस एंगल को गंभीरता से लेते हुए मंगेतर से पूछताछ कर रही है। अयाना थाने के अधिकारियों के मुताबिक पूरे घटनाक्रम की गहन जांच की जा रही है और किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं किया जा रहा है। महिला पुलिसकर्मियों की टीम मंगेतर से लगातार पूछताछ कर रही है, वहीं दूसरी ओर हमलावरों की तलाश के लिए टीमें गठित की गई हैं।

पुरानी रंंजिश से इनकार

गौरतलब है कि घटना से पहले आई जानकारी में बताया गया था कि अज्ञात युवकों ने धर्मेंद्र पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था और उस समय उसने किसी पुरानी रंजिश से इनकार किया था। अब उसकी मौत के बाद मामला और गंभीर हो गया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा और पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।