करौली

Rajasthan Accident: बाइक को गाय से बचाने का प्रयास, ट्रक की चपेट में आए; 3 भाइयों की मौत

करौली जिले के मैग्जीन क्षेत्र के समीप सड़क हादसे में एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों की मौत हो गई। इस दौरान मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर ट्रक की चपेट में आ गई।
2 min read
Jul 23, 2026
Karauli road accident
हर्ष, आशीष और पवन। फोटो: पत्रिका

करौली। जिले के मैग्जीन क्षेत्र के समीप बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों की मौत हो गई। इस दौरान मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर ट्रक की चपेट में आ गई। हादसे के बाद तीनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दो युवकों को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि तीसरे युवक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पुलिस ने ट्रक को जब्त कर जांच शुरू कर दी है। वहीं हादसे की सूचना पर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

पुलिस के अनुसार एक मोटरसाकिल पर सवार तीन युवक जा रहे थे। इसी दौरान सड़क पर सामने आई गाय से बचने के प्रयास में मोटरसाइकिल असंतुलित हो गई और ट्रक की चपेट में आ गई। इससे हादसे में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी और घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां भीमनगर निवासी आशीष और धौलपुर के पुरानी छावनी स्थित डगरिया मोहल्ला निवासी पवन पुत्र चंद्रप्रकाश कश्यप (21) को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं भीमनगर पांडे का कुआं करौली निवासी हर्ष पुत्र राजू कश्यप को गंभीर हालत में भर्ती किया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

तीनों शवों को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। उधर घटना की सूचना मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग अस्पताल पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक पवन के भाई पारस ने बताया कि पवन फूड डिलीवरी का कार्य करता था। जबकि हर्ष एक होटल में कार्य करता था और आशीष एक दुकान पर कार्य करता था। मरने वाले युवक रिश्ते में भाई थे और तीनों अच्छे दोस्त थे।

2 महीने पहले ही खरीदी थी बाइक

पवन ने दो महीने पहले ही नई बाइक खरीदी थी। पवन और आशीष मासलपुर चुंगी स्थित स्विमिंग पूल में नहाने का कार्यक्रम बनाकर निकले थे। दोनों पहले गुलाब बाग स्थित होटल पहुंचे। वहां हर्ष को छुट्टी दिलाकर अपने साथ ले गए। तीनों ने दिनभर एंजॉय किया और शाम को लौटते समय यह हादसा हो गया। हर्ष, पवन के मामा का बेटा था। आशीष, हर्ष का चचेरा भाई था। करौली कोतवाली थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रक को जब्त कर लिया है। वहीं सूचना पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेशचन्द मीना, पुलिस उपाधीक्षक अनुज शुभम आदि पुलिस अधिकारी चिकित्सालय और घटना स्थल पर पहुंचे और हादसे की जानकारी ली। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

Updated on:
23 Jul 2026 12:09 pm
Published on:
23 Jul 2026 12:09 pm