करौली

करौली में दर्दनाक हादसा; कुएं की ढाय भरभराकर गिरी, दो सगे भाइयों की मौत, गांव में पसरा मातम

सपोटरा उपखंड क्षेत्र के अमरगढ़ गांव में शनिवार को कुएं की सफाई के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। कुएं की ढाय भरभराकर गिरने से दो सगे भाई मलबे में दब गए। ग्रामीणों और प्रशासन की ओर से तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया, लेकिन दोनों युवकों को नहीं बचाया जा सका।
2 min read
May 23, 2026
two brothers died in well accident
घटना की सूचना पर मौके जमा भीड़। फोटो पत्रिका

करौली। सपोटरा उपखंड क्षेत्र के अमरगढ़ गांव में शनिवार को कुएं की सफाई के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। कुएं की ढाय भरभराकर गिरने से दो सगे भाई मलबे में दब गए। ग्रामीणों और प्रशासन की ओर से तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया, लेकिन दोनों युवकों को नहीं बचाया जा सका। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई।

ग्रामीणों के अनुसार मृतक मूल रूप से डिकोली गांव के निवासी थे, जो करीब 30 वर्ष पूर्व अमरगढ़ आकर बस गए थे। परिवार में चार भाई रामराज, मुकेश, कमलेश और नरेश हैं। हादसे में मुकेश (35) और कमलेश (32) की मौत हो गई।

ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व में हुई बारिश के दौरान कुएं का फर्मा टूट गया था, जिससे कुएं की ढाय कमजोर हो गई थी। शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे दोनों भाई अपने कुएं में गिरे मलबे को बाहर निकालने और सफाई कार्य में जुटे हुए थे। इसी दौरान अचानक मिट्टी की ढाय भरभराकर नीचे गिर गई और दोनों भाई मलबे के नीचे दब गए।

ग्रामीणों और प्रशासन ने चलाया राहत अभियान

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। ग्रामीणों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही सपोटरा उपखंड अधिकारी पंकज बड़गूजर, पुलिस उप अधीक्षक सुनील कुमार तथा थानाधिकारी अवजीत कुमार मय जाप्ता मौके पर पहुंचे। सूचना पर एसडीआरएफ टीम भी पहुंची, लेकिन उससे पहले ही ग्रामीणों की ओर से राहत कार्य करते हुए दोनों युवकों को मलबे से बाहर निकाल लिया गया था।

मृतकों के मामा सियाराम ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उनके भांजे मुकेश और कमलेश कुएं की सफाई कर रहे थे। पूर्व में टूटे फर्मे के कारण गिरे मलबे को बाहर निकाला जा रहा था। इसी दौरान अचानक ढाय गिर गई और दोनों युवक मलबे में दब गए। थानाधिकारी अवजीत कुमार ने बताया कि परिजनों की ओर से दी गई रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है तथा अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मुकेश की पत्नी का पहले ही निधन हो चुका है। उनके परिवार में अब 15 वर्षीय एक बेटी ही बची है। वहीं कमलेश अपने पीछे एक बेटा और एक बेटी छोड़ गए हैं। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

ग्रामीणों ने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति भी कमजोर है। मृतक परिवार डिकोली गांव से अमरगढ़ आकर कृषि कार्य कर जीवनयापन कर रहा था। ऐसे में परिवार के दो कमाने वाले सदस्यों की मौत के बाद बड़ा संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है। दोनों शवों का पोस्टमार्टम सपोटरा उप जिला अस्पताल में किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Updated on:
23 May 2026 07:35 pm
Published on:
23 May 2026 07:35 pm