करौली

करौली: सगे भाई ने ही रची थी 50 लाख की चोरी की साजिश, बेटों की सगाई का फायदा उठाकर कराया ‘कांड’, 6 गिरफ्तार

करौली जिले के हिंडौनसिटी में 24 जून को सूने मकान से 50 लाख रुपए के जेवर चोरी मामले का पुलिस ने खुलासा किया। पीड़ित का सगा भाई ही मास्टरमाइंड निकला। पुलिस ने 200 CCTV फुटेज के आधार पर 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
2 min read
Aug 04, 2026
Karauli Theft Case
सभी आरोपी गिरफ्तार (पत्रिका फोटो)

हिंडौनसिटी (करौली): महवा रोड स्थित वृंदावन रिसोर्ट के पास गत 24 जून की रात एक सूने मकान में हुई करीब 50 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी की सनसनीखेज चोरी का पुलिस ने सोमवार को पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने मामले में पीड़ित के सगे भाई समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

करौली पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल ने बताया कि नई मंडी थाना पुलिस टीम ने कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए इस बड़ी चोरी का खुलासा किया। वारदात का मुख्य मास्टरमाइंड पीड़ित श्याम सुंदर शर्मा का सगा भाई राधेश्याम निकला। राधेश्याम ने अपने ही बेटों के लगन-टीका (लगन-सगाई) कार्यक्रम का फायदा उठाकर इस वारदात को अंजाम दिलाया था।

शादी में व्यस्त था परिवार, पीछे से बोला धावा

घटना वाली रात 24 जून को श्यामसुंदर शर्मा का परिवार अपने गांव महूं दलालपुर में राधेश्याम के बेटों के लगन-टीका समारोह में शामिल होने गया था। घर में ताला लगा देख, राधेश्याम की साजिश के मुताबिक, उसके शातिर चोर साथियों ने कार से आकर सूने मकान का ताला तोड़ा और चंद घंटों के भीतर 50 लाख रुपए के गहने और नकदी पार कर दिए।

200 CCTV फुटेज से खुला राज

थानाधिकारी नरेश पोसवाल के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने अनुसंधान अधिकारी प्रहलाद सिंह और हेड कांस्टेबल जोगेंद्र सिंह की मदद से तकनीकी साक्ष्यों और लगभग 200 सीसीटीवी फुटेज की गहन जांच की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी राधेश्याम शर्मा के अलावा उसके साथी टीकम शर्मा, महेन्द्र जोगी, रामप्रसाद जोगी, कन्हैया जांगिड़ और शम्भूदयाल सैन को गिरफ्तार कर लिया।

मास्टरमाइंड पर पहले से दर्ज हैं 14 केस

पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि राधेश्याम एक आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ पहले से ही लूट, चोरी और डकैती के करीब 14 मामले दर्ज हैं। आरोपियों ने पूछताछ में चोरी की बात कबूल कर ली है और अब पुलिस चोरी गए माल की बरामदगी के प्रयास में जुटी है।

Updated on:
04 Aug 2026 01:09 pm
Published on:
04 Aug 2026 01:09 pm