करौली

Karauli News : करौली में पत्नी की हत्या के आरोपी पति को चौबीस घंटे में दबोचा, पूछताछ जारी

Karauli Murder Case : करौली जिले में पत्नी की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी उसके पति को घटना के चौबीस घंटे में दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपी बरबटपुरा निवासी राजेंद्र गुर्जर है।

2 min read
Jun 11, 2026
karauli Murder Case
आरोपी पति गिरफ्तार। फोटो पत्रिका

Karauli Murder Case : करौली। मासलपुर थाना क्षेत्र के बरबटपुरा गांव में पत्नी की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी उसके पति को घटना के चौबीस घंटे में दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपी बरबटपुरा निवासी राजेंद्र गुर्जर है। पुलिस के अनुसार आरोपी घटना के बाद फरार होकर शेरपुर-जटनंगला क्षेत्र की ओर जाने की कोशिश कर रहा था। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे जटनंगला के समीप से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल ने बताया कि 10 जून को सूचना मिली थी कि बरबटपुरा गांव में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी पर हमला कर दिया है। गंभीर रूप से घायल महिला को परिजन उपचार के लिए हिण्डौन सिटी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका के भाई की रिपोर्ट के आधार पर दर्ज मामले में आरोप लगाया गया है कि उसकी बहन का विवाह करीब 15 वर्ष पूर्व बरबटपुरा निवासी राजेंद्र गुर्जर से हुआ था। गौना होने के बाद से पति और ससुराल पक्ष के लोग दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करते थे।

दो दिन पहले लौटी थी ससुराल

आरोप है कि करीब छह माह पूर्व भी मारपीट कर महिला को पीहर भेज दिया गया था। 8 जून को समझौते का भरोसा देकर उसे वापस ससुराल बुलाया गया, लेकिन दो दिन बाद उसकी हत्या कर दी गई। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि पति सहित अन्य लोगों ने धारदार हथियार से हमला किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर एफएसएल टीम को बुलाया।

आरोपी के तलाश में चलाया अभियान

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में विशेष टीमों का गठन किया गया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए जिला स्पेशल टीम करौली तथा करौली सदर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने आसपास के जंगलों और पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार तलाश अभियान चलाया।

पूछताछ में जुटी पुलिस

इसी दौरान करौली सदर थाना प्रभारी यदुवीर सिंह के नेतृत्व में गठित टीम के हेड कांस्टेबल विजय सिंह को मुखबिर से आरोपी की लोकेशन की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर आरोपी राजेन्द्र को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

Updated on:
11 Jun 2026 08:07 pm
Published on:
11 Jun 2026 08:05 pm