
Golma Devi Dance Video: राजस्थान के कैबिनेट मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा की पत्नी और पूर्व मंत्री गोलमा देवी का एक डांस वीडियो सोशल मीडिया पर तहलका मचा रहा है। करौली जिले के टोडाभीम क्षेत्र के रायसना गांव में हाल ही में आयोजित एक समारोह में गोलमा देवी ने राजस्थानी गाने पर जमकर ठुमके लगाए। यह कार्यक्रम एनडीए (नेशनल डिफेंस एकेडमी) में चयनित एक स्थानीय युवक के सम्मान में आयोजित किया गया था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचीं गोलमा देवी ने पहले युवक को सम्मानित किया। इसके बाद मंच पर बज रही डीजे की धुन और महिलाओं के नृत्य ने उनका मन मोह लिया। खुद को रोक न पाने के कारण वे मंच पर चढ़ गईं और अन्य महिलाओं के साथ मिलकर राजस्थानी गाने पर जोरदार डांस किया।
कार्यक्रम के दौरान किसी ने गोलमा देवी के इस उत्साहपूर्ण डांस का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया और उसे सोशल मीडिया पर साझा कर दिया। देखते ही देखते यह वीडियो वायरल हो गया। वीडियो में गोलमा देवी का जोश और नृत्य का आनंद साफ नजर आ रहा है, जबकि वहां मौजूद लोग भी उनके उत्साह की सराहना करते दिख रहे हैं।
गोलमा देवी का यह डांस वीडियो सोशल मीडिया पर खूब शेयर किया जा रहा है और लोग उनके इस देसी अंदाज की जमकर तारीफ कर रहे हैं। यह वीडियो न केवल उनकी सादगी को दर्शाता है, बल्कि उनके उत्साह और जनता के बीच उनकी लोकप्रियता को भी उजागर करता है।