करौली

Mustard Prices Hike : सरसों के भावों में आया अचानक उछाल, 6700 रुपए प्रति क्विंटल पहुंचा रेट, किसान खुश

Mustard Prices Hike : राजस्थान में सरसों की मांग अचानक बढ़ गई है। ऑयल मिलर्स की ओर से बुकिंग आने से सरसों के भावों में भी दिनोंदिन उछाल आ रहा है। शुक्रवार को सरसों के पीक भाव 6700 रुपए प्रति क्विंटल रहे। सोमवार को भावों के और चढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है। वहीं किसान खुशी से झूम रहे हैं।
2 min read
Rajasthan Hindaun City Mustard Prices sudden jump rate reached Rs 6700 per quintal Farmer happy
हिण्डौनसिटी. कृषि उपज मंडी में लगे सरसों के ढेर। फोटो पत्रिका

Mustard Prices Hike : सरसों की मांग अचानक बढ़ गई है। ऑयल मिलर्स की ओर से बुकिंग आने से सरसों के भावों में भी दिनोंदिन उछाल आ रहा है। रबी फसल सीजन में शुक्रवार को सरसों के पीक भाव 6700 रुपए प्रति क्विंटल रहे। हालांकि शनिवार को ईद के कारण डिमांड हल्काने से कुछ नरमी देखी गई, लेकिन रविवार के कारोबारी अवकाश के बाद सोमवार को भावों के और चढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।

व्यापारियों का कहना है कि इराक-अमेरिका-इजरायल युद्ध के बीच संघ के चलते विदेशी बाजारों से पाम और सोया ऑयल की आवक प्रभावित हो गई है। आगामी दिनों में सरसों तेल की मांग बढ़ने को देखते हुए ऑयल मिलर्स ने सरसों की बुकिंग बढ़ा दी।

वहीं हिण्डौन कृषि उपज मंडी में भरतपुर, अलवर, शमाबाद और जयपुर सहित अन्य जिलों व राज्यों की ऑयल मिलों के लिए सरसों की खरीद में तेजी आ गई। इससे मंडी में सरसों के भावों में प्रतिदिन 100 से 150 रुपए की बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। इधर किसानों ने भी भावों के और बढ़ने की उम्मीद में मंडी में आवक कम कर दी है। 14 मार्च तक जहां प्रतिदिन 20 से 25 हजार कट्टे सरसों की आवक हो रही थी, वहीं अब यह घटकर 9 से 10 हजार कट्टे रह गई है।

आने वाले दिनों में मिल सकते हैं और बेहतर दाम

किसानों का मानना है कि यदि मांग इसी तरह बनी रही तो आने वाले दिनों में उन्हें और बेहतर दाम मिल सकते हैं। मंडी में चार दिन से लगातार सरसों की आवक आधी रहने के बावजूद भावों में मजबूती बनी हुई है। व्यापारी और किसान दोनों ही इस स्थिति को लाभकारी मान रहे हैं। किसानों के लिए यह समय उम्मीदों से भरा है, जबकि व्यापारियों के लिए बढ़ती मांग और सीमित आवक चुनौती बन गई है।

तेल के भावों में तेजी

ऑयल मिलर इंद्रेश गोयल व मुकेश बंसल ने बताया कि पाम-सोया का आयात प्रभावित होने से सरसों तेल की मांग बढ़ गई है। सरसों के भाव के साथ तेल के टैंकरों के दाम भी बढ़े हैं।

सोया तेल पर 10-15 रुपए की तेजी आई

किराया व्यापारी पवन कुमार गुप्ता ने बताया कि खुदरा बाजार में सोया तेल पर 10-15 रुपए की तेजी आई है। ऐसे में सरसों तेल के भाव भी बढ़े हुए हैं।

फैक्ट फाइल मंडी में सरसों

दिनांक - आवक - भाव
18 मार्च - 5959 क्विंटल - 6000-6371 रुपए
19 मार्च - 4730 क्विंटल - 6200-6400 रुपए
20 मार्च - 4230 क्विंटल - 6600-6711 रुपए
21 मार्च - 4115 क्विंटल - 6400-6600 रुपए।

Published on:
21 Mar 2026 09:18 pm